बंदर के अंतिम संस्कार में पहुंचे उसके साथी बंदर, पूरे समय शांति से बैठे रहे, लोग बोले- ऐसा पहले कभी नहीं देखा
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
बिलासपुर जिले की कोटा तहसील में एक मृत बंदर को दफनाया जा रहा था, इस दौरान वहां बड़ी संख्या में अन्य बंदर पहुंच गए। इस नजारे को देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए। सभी का कहना था कि जानवरों में ऐसा प्यार पहली बार देखा है। खास बात यह रही कि बंदरों ने इस बीच जरा भी धमाचौकड़ी नहीं मचाई, कोई शोर शराबा नहीं किया। उनके हावभाव से साथी के बिछड़ने का गम साफ झलक रहा था। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, कोटा के सामाजिक संगठनों को सूचना मिली थी कि डाक बंगला चौक पर एक बंदर की हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मौत हो गई है। इसके बाद हिन्दू संगठनों ने बंदर के शव को उठाया और उसे अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि गड्ढा खोदकर बंदर के शव को दफनाया जा रहा है। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में बंदर मौजूद हैं और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को देख रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अंतिम संस्कार की यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बंदर वहां से गए। उनके चेहरों पर अपने साथी से बिछड़ने का गम साफ दिखाई दे रहा था।
दफनाने की प्रक्रिया शुरू करते ही पहुंच गए थे
जैसे ही बंदर को दफनाने का काम शुरू हुआ। वैसे ही बड़ी संख्या में बंदर मौके पर पहुंच गए। इस नजारे को देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए। हाल ही में एक यूपी के अमरोहा से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक बंदर बुजुर्ग की अर्थी से बार-बार लिपट-लिपट रहा था। लोगों का तो यह भी कहना था कि वह बंदर इस दौरान रो भी रहा था। बताया गया कि जिस बुजुर्ग की यह अर्थी थी, वह बुजुर्ग उस बंदर की देखभाल करते थे। उसे रोज कुछ खिलाया करते थे।
