April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: चुनाव के बीच इन 6 जगहों पर हुआ बवाल, एक जगह कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे से मारपीट तो दूसरी जगह दो गुट भिड़े, पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग

राजस्थान: चुनाव के बीच इन 6 जगहों पर हुआ बवाल, एक जगह कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे से मारपीट तो दूसरी जगह दो गुट भिड़े, पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए शनिवार सुबह 7 से शाम 6 बजे‌ तक मतदान हुआ। इस बीच कुछ जगहों पर छिटपुट तो कहीं से बवाल की खबरें आईं। सीकर जिले की फतेहपुर विधानसभा सीट पर मतदान के बीच दो पक्ष आपस में भिड़ गए।

इस पर यहां पुलिस को हालत सम्भालने के लिए हवाई फायर भी करना पड़ा। धौलपुर के बाड़ी विधानसभा के क्षेत्र में भी दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ। जानिए राजस्थान में कहां-कहां मतदान के बीच बवाल हुआ।

पथराव के बाद भारी बवाल, पुलिस ने किया हवाई फायर
सीकर की फतेहपुर विधानसभा सीट पर मतदान के बीच दो पक्ष आपस में भिड़ गए और माहौल खराब हो गया। बताया गया है कि पुलिस को स्थिति सम्भालने के लिए यहां हवाई फायर भी करना पड़ा है। फतेहपुर स्थित बोचीवाल भवन के पीछे स्थित एक मोहल्ले में किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई, और फिर देखते ही देखते मारपीट होने लगी। विवाद इतना ज़्यादा बढ़ गया कि दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया। दोनों तरफ से बेकाबू हुए हालात से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस और चुनाव ड्यूटी में तैनात अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति सम्भाली। मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात करना पड़ा।

फर्जी मतदान के आरोप पर विवाद, पुलिस से उलझे भाजपा प्रत्याशी महरिया

हॉट सीट लक्ष्मणगढ़ में कड़े चुनावी मुकाबले बीच फर्जी मतदान को लेकर बड़ी खबर आई। इस पर भाजपा प्रत्याशी व पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुभाष महरिया पुलिसकर्मियों से उलझ गए। काफी देर तक गाडोदा में गहमागहमी का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार गाडोदा में भाजपाइयों ने एक पोलिंग बूथ पर कांग्रेस के एजेंटों द्वारा फर्जी मतदान करवाने की शिकायत की थी। उनका आरोप था कि भाजपाइयों को मतदान केन्द्र में ही नहीं जाने दिया जा रहा। सूचना पर सुभाष महरिया मौके पर पहुंचे और अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने पुलिसकर्मियों से बात की। जहां कार्यकर्ताओं को तल्खी दिखाने पर वे पुलिसकर्मियों से उलझ गए। आरोप है कि एकबारगी तो उन्होंने पुलिसकर्मियों की कॉलर भी पकड़ ली। काफी देर की गहमागहमी के बाद मामला एजेंट बदलने पर शांत हुआ।

मतदान केन्द्र पर जमकर हंगामा, दो पक्षों में हुआ पथराव

धौलपुर जिले की बाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अब्दुलपुर गांव में मतदान के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसके बाद मतदान केन्द्र पर हड़कम्प मच गया। गांव में फर्जी मतदान के आरोप पर बीएसपी प्रत्याशी जसवंत सिंह गुर्जर एवं भाजपा प्रत्याशी गिर्राज सिंह मलिंगा के समर्थक भिड़ गए। सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे से मारपीट

भरतपुर के कामां से कांग्रेस प्रत्याशी जाहिदा खान के पुत्र पहाड़ी पंचायत समिति प्रधान साजिद खान से मारपीट मामला सामने आया है। इस दौरान पुलिस व समर्थकों में जमकर हाथापाई हो गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। यह पहाड़ी के सांवलेर गांव की घटना है।

मतदान बूथ पर पार्षद प्रतिनिधि से मारपीट, भारी पुलिस जाप्ता तैनात

चूरू जिले की सरदारशहर सीट पर मारपीट का मामला सामने आया है। राजकीय अंजुमन विद्यालय के मतदान बूथ पर पार्षद प्रतिनिधि आसिफ खोखर से मारपीट का मामला सामने आया है। इसके बाद से वहां माहौल गरमा गया है। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पहुंची। मामले की गम्भीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पार्षद आसिफ खोखर ने आरोप लगाया कि 5 से 7 लोगों ने उनसे मारपीट की। इस घटना के बाद निर्दलीय प्रत्याशी राजकरण चौधरी और विधायक अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

दो पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी

टोंक जिले के देवली उनियारा विधानसभा क्षेत्र के बूथ 197 पर एक साथ मतदाताओं की भीड़ उमड़ने पर अव्यवस्था हुई। इस बीच दो पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को आंसू गैस छोड़नी पड़ी। इसके चलते कई मतदाता केन्द्र से बाहर आ गए। मौके पर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। वोटिंग कुछ देर के लिए रुकी, बाद में सुचारू कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.