अयोध्या से पहले इंदौर में तैयार हो गया राम मंदिर, सिर्फ दो महीने में यहां बनी हूबहू डिजाइन
एनसीआई@इंदौर
अयोध्या में बन रहा राम मंदिर अभी निर्माणाधीन है, लेकिन इसकी प्रतिकृति इंदौर के विश्राम बाग में तैयार हो गई है। 21 टन लोहे के स्क्रेप से तैयार इस प्रतिकृति की ऊंचाई 27 फीट, चौड़ाई 26 फीट और लम्बाई 40 फीट है। 20 मजदूरों ने करीब ढाई माह की मेहनत से इसे तैयार किया है।
इस प्रतिकृति को तैयार करने में नगर निगम ने लोहे के पुराने खम्बे, कबाड़ गाड़ियों के चेचिस, नट-बोल्ट, टूटे-फूटे झूले, फिसल पट्टियां, ग्रिल आदि का इस्तेमाल किया गया है। सम्भवतया देश में पहली बार लोहे के स्क्रेप से किसी मंदिर की इतनी वृहद प्रतिकृति तैयार की गई है।

इस तरह हुआ निर्माण
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर से प्रेरित होकर ही उन्हें विश्राम बाग में मंदिर की प्रतिकृति तैयार करने की प्रेरणा मिली। बड़ी चुनौती यह थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का काम अभी पूर्ण नहीं हुआ है तो उसकी प्रतिकृति कैसी बनाई जाए। इसके अलावा लोहे के स्क्रेप से इतनी बड़ी प्रतिकृति तैयार करवाना भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन कलाकारों की मेहनत ने यह सम्भव कर दिया। इसमें वेल्डिंग वाले कारीगरों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही, क्योंकि छोटे-बड़े और टूटे-फूटे लोहे के सामान को मंदिर का रूप देना आसान नहीं था।
इंदौर में एक और नवाचार
महापौर ने बताया कि प्रतिकृति की फिनिशिंग का काम जल्द ही शुरू होगा। स्वच्छता और स्मार्ट शहरों में शामिल इंदौर ने एक और नवाचार करते हुए अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर की प्रतिकृति विश्राम बाग में बनवाई है। राम मंदिर के मॉडल के अनुरूप प्रतिकृति पूर्ण रूप से तैयार हो गई है। इस प्रतिकृति का रंग-रोगन और बिजली फिटिंग का कार्य जारी है।
.
