April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: तेज हवाओं के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी संख्या में जानवरों की मौत

राजस्थान: तेज हवाओं के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी संख्या में जानवरों की मौत

एनसीआई@जयपुर/बाड़मेर/सिरोही

रेगिस्तानी जिले बाड़मेर में रविवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला नजर आने लगा था। बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ सुबह से ही कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया, जो देर तक जारी था। मौसम के इस बदलाव की वजह से अवकाश के दिन लोग सुबह से ही अपने घरों में दुबके रहे। वहीं, बाड़मेर जिले में इस दौरान दो जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने से काफी नुकसान हुआ। इसके अलावा सिरोही जिले में भी आज कई जगह बादल बरसे। यहां माउंट आबू के साथ आबूरोड, रेवदर, स्वरूपगंज और मंडार में भी बारिश हो रही है।

बाड़मेर। जिले में रविवार को कुदरत का कहर देखने को मिला है। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदल गया था। कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश शुरू हो गई थी। यहां सेड़वा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों की मौत हो गई। इनकी संख्या करीब सौ बताई गई है। कुदरत के इस कहर से पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित पशुपालक जानू खान ने बताया कि उसके खेत में बने बाड़े पर आकाशीय बिजली गिरने से वहां बंधी हुई 95 भेड़-बकरियों की मौत हो गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने का कहना है कि जानू खान का जीवन-बसर पशुपालन से ही चलता था। इस घटना से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इसलिए प्रशासन से उसे मुआवजा देने की मांग की है।

मकान पर गिरी बिजली

वहीं बिजली गिरने की दूसरी घटना बाड़मेर शहर के ही इंदिरा नगर में सामने आई है। यहां सुबह एक मकान पर बिजली गिर गई। इससे मकान की छत को नुकसान हुआ, दीवारों में भी दरारें आई हैं। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई, मगर बिजली गिरने से घर की लाइट फिटिंग से लेकर कुछ अन्य सामान भी जल गए। इससे काफी आर्थिक नुकसान हुआ।

सिरोही में भी बदला मौसम का मिजाज

सिरोही। जिले में रविवार को एकाएक मौसम बदल गया। हिल स्टेशन माउंट आबू में तेज हवाओं के साथ के बारिश हुई। माउंट आबू के साथ ही आबूरोड, रेवदर, स्वरूपगंज, मंडार आदि स्थानों पर भी बादल छाए रहे। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी का दौर भी जारी रहा। मौसम के इस बदलाव से ठंडक का अहसास बढ़ गया।

आबूरोड में बहा सड़कों पर पानी

बारिश से सिरोही जिले के आबूरोड में सड़कों पर पानी भर गया। सीवरेज कम्पनी की लापरवाही से शहर में बने हुए गड्ढों में पानी भर गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.