राजस्थान: मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए पर्यवेक्षकों की घोषणा के बाद विधायक दल की बैठक का दिन भी घोषित
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान में मुख्यमंत्री का नाम तय करने करने के लिए पर्यवेक्षकों का नाम घोषित होने के कुछ घंटे बाद भाजपा ने आज ही विधायक दल की बैठक का दिन भी घोषित कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद से मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अटकलबाजियां लगाई जा रही हैं। काफी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच पार्टी हाईकमान ने आज शुक्रवार सुबह 11 बजे करीब तीन पर्यवेक्षकों के नाम घोषित कर दिए। इनमें पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे व राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े शामिल हैं। इसके बाद राजनीतिक हलकों में इस बात पर चर्चा होने लगी थी कि अब ये पर्यवेक्षक जयपुर कब आएंगे। कुछ घंटे बाद बीजेपी ने इस संशय को भी दूर कर दिया। खबर आई कि राजस्थान के भाजपा विधायक दल की बैठक रविवार को होना निश्चित हो गई है। हालांकि इसका समय घोषित नहीं किया गया।
जानकारी सामने आ रही है कि सरोज पांडे और विनोद तावडे कल शनिवार शाम तक जयपुर आ जाएंगे, मगर राजनाथ सिंह रविवार सुबह यहां पहुंचेंगे। इसका कारण यह बताया गया है कि राजनाथ सिंह निजी काम से कल मुम्बई में रहेंगे। वहां से यह शाम तक दिल्ली लौट आएंगे। इसके बाद रविवार सुबह जयपुर पहुंचेंगे। इसके बाद पार्टी विधायक दल की बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री के नाम पर रायशुमारी की जाएगी। इसकी रिपोर्ट पर्यवेक्षक दिल्ली जाकर हाई कमान को सौंपेंगे। इसके बाद पार्लियामेंट्री बोर्ड मुख्यमंत्री के नाम पर मोहर लगाएगा। इस प्रकार रविवार देर शाम या सोमवार तक राजस्थान के मुख्यमंत्री का नाम सामने आ जाएगा।
भाजपा में दूसरे नम्बर के नेता हैं राजनाथ सिंह
राजस्थान में जो भी पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, इसके भी खास कारण सामने आ रहे हैं। वसुंधरा राजे के सामने आ रहे उग्र तेवर को सम्भालने के लिए ही पार्टी के वरिष्ठतम नेता राजनाथ सिंह को भी पर्यवेक्षक बनाया गया है। राजनाथ सिंह भाजपा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद दूसरे नम्बर के नेता माने जाते हैं। वहीं, विनोद तावड़े संघ पृष्ठभूमि से आते हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर संघ का भी पूरा दबाव है। इसके अलावा दावेदारों में वसुंधरा राजे व दिया कुमारी जैसी महिला नेत्रियों के शामिल होने से काफी अनुभवी सरोज पांडे को भी पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
