April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान का नया मुख्यमंत्री चुनने की घड़ी भी अब दूर नहीं, जानें कौन हो सकता है यह चेहरा

राजस्थान का नया मुख्यमंत्री चुनने की घड़ी भी अब दूर नहीं, जानें कौन हो सकता है यह चेहरा

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान के मुख्यमंत्री का चेहरा कल मंगलवार, 12 दिसम्बर को साफ होने की पूरी उम्मीद बंध गई है। दरअसल भाजपा ने सभी विधायकों को मंगलवार को बैठक के लिए कॉल करके बुलाया है। इन्हें 11 बजे यहां प्रदेश कार्यालय में पहुंचने के लिए कहा गया है। 1.30 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। लंच के बाद बैठक शुरू होगी। इस बैठक में शामिल होने के लिए पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह मंगलवार दोपहर 12 बजे जयपुर आएंगे। वहीं, दो अन्य पर्यवेक्षक सरोज पांडे और विनोद तावड़े आज रात तक जयपुर पहुंच जाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा कार्यालय में मंगलवार शाम 4 बजे विधायक दल की बैठक शुरू होगी। पहले विधायकों से वन-टू-वन बातचीत हो सकती है। इसके बाद सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है।

छत्तीसगढ़ में आदिवासी और मध्यप्रदेश में ओबीसी वर्ग का मुख्यमंत्री बनाने के बाद माना जा रहा है कि राजस्थान में मुख्यमंत्री सामान्य वर्ग से बनाया जा सकता है। दोनों ही राज्यों में मुख्यमंत्री के रूप में चौंकाने वाला नाम सामने आया है, इसलिए राजस्थान में भी यही उम्मीद की जा रही है।

दूसरी ओर वरिष्ठ विधायक कालीचरण सराफ, प्रताप सिंह सिंघवी, बाबू सिंह राठौड़, जसवंत यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, राजपाल सिंह शेखावत और प्रहलाद गुंजल पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बंगले पर सोमवार को भी पहुंचे।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रविवार, 10 दिसम्बर को दिल्ली से जयपुर पहुंचीं थीं। इसके बाद दोपहर में वसुंधरा के 13 सिविल लाइंस आवास पर भाजपा विधायक मिलने पहुंचे। विधायक दल की बैठक से पहले वसुंधरा से विधायकों के मिलने को उनका अहम माना जा रहा है। विधायकों के साथ ही पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल भी वसुंधरा से मिले थे। प्रहलाद गुंजल ने तब खुलकर वसुंधरा को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत की थी।

मोदी का चेहरा ही पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा

वहीं, वसुंधरा राजे के घर विधायकों के जुटने के सवाल पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर वोट मिले हैं। उनका चेहरा ही हमारी पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा है। उसके बाद भी अगर कोई सोचता है कि मेरे चेहरे से पार्टी को वोट मिले हैं तो वह मुगालते में जरूर रह सकता है, लेकिन यह सच्चाई नहीं है। वैसे भी किसी को बुलाना और अपने समर्थन के लिए कहना भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति नहीं है।

विधायक शिष्टाचार मुलाकात करने जा रहे : जोशी

रविवार 10 दिसम्बर को वसुंधरा राजे से विधायकों की मुलाकात को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने शिष्टाचार मुलाकात करार दिया। भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में जोशी ने कहा- वसुंधरा राजे पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दो बार मुख्यमंत्री रही हैं। वरिष्ठ नेताओं से जीते हुए जनप्रतिनिधि लगातार मुलाकात कर रहे हैं। वह पार्टी कार्यालय भी आते हैं। ऐसे में यह एक सामान्य मुलाकात है। प्रहलाद गुंजल के वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री बनाने के बयान पर भी जोशी ने कहा- ऐसी कोई बात मेरी जानकारी में नहीं है। अगर ऐसा है तो उसे भी देखेंगे। इसके साथ ही विधायक दल की बैठक के सवाल पर जोशी ने कहा- जल्द ही विधायक दल की बैठक का आयोजन किया जाएगा।

यह है सम्भावित

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को विधायक दल का नेता चुनने के बाद राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। इसके बाद 15 दिसम्बर को जयपुर में मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। इसमें मुख्यमंत्री के साथ 10 से ज्यादा मंत्रियों के भी शपथ लेने की सम्भावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.