बीच बाजार चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, जलकर हो गई पूरी खत्म
एनसीआई@कोटा
कॉमर्स कॉलेज रोड़ पर शनिवार को बीच बाजार चलती स्कूटी में आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी आग का गोला बन गई। थोड़ी देर में ही वह जल कर पूरी तरह नष्ट हो गई। सूचना पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। फिलहाल इस घटना का कारण पता नहीं चला है। स्कूटी में पहले धुआं उठा, इसके बाद आग लगी।

सहायक अग्निशमन अधिकारी अब्दुल मतीन मंसूरी ने बताया कि स्कूटी प्रमोद कुमार की थी। वह किसी काम से दोपहर पौने तीन बजे करीब कॉमर्स कॉलेज के पास से गुजर रहे थे। अचानक उनकी स्कूटी से धुआं उठने लगा। उन्होंने स्कूटी को रोक कर सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद पास ही स्थित बैटरी के शोरूम पर चले गए। थोड़ी देर बाद देखा तो स्कूटी से आग निकलती दिखी। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें बढ़ने लगीं। दोपहर 2 बजकर 55 मिनट पर फायर स्टेशन को सूचना मिली। इसके बाद मौके पर जाकर आग बुझाई। आग लगने से स्कूटी पूरी तरह जल गई।
