भारत सरकार की कोशिश रंग लाई: कतर में मौत की सजा पाने वाले 8 भारतीयों को मिली बड़ी राहत, अब नहीं मिलेगी फांसी
एनसीआई@नई दिल्ली
कतर में गिरफ्तार 8 पूर्व नेवी अफसरों को मौत की सजा पर रोक लगा दी गई है। उनकी सजा बदल कर उम्र कैद में तब्दील हो गई है। पिछले साल कतर में गिरफ्तार किए गए 8 पूर्व भारतीय नेवी ऑफिसर को कतर की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी अदालत के इस फैसले पर भारत सरकार ने हैरानी जताई थी।
भारतीय नौसेना के ये सभी आठ पूर्व ऑफिसर पिछले साल अगस्त से ही कतर के जेल में बंद हैं। कतर ने अभी तक इन सभी पूर्व ऑफिसर्स के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जानकारी नहीं दी है, हालांकि, मामले से परिचित लोगों का कहना है कि इन सभी पर जासूसी करने का आरोप लगाया गया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “दहरा ग्लोबल केस में गिरफ्तार पूर्व नेवी ऑफिसर को लेकर आए आज के उस फैसले पर हमने गौर किया है, जिसमें सजाएं कम कर दी गई हैं। कतर के कोर्ट ऑफ अपील के विस्तृत फैसले की हम प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके अलावा हमारा अगला कदम क्या होगा, इस पर भी निर्णय लेने के लिए हम कानूनी टीम के साथ-साथ परिवार के सदस्यों के साथ भी सम्पर्क में हैं।”
