April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पार्षद और उसके भांजे की मारपीट की शिकार पीड़िता की फरियाद सुनने की जगह हेड कॉन्स्टेबल ने मारा थप्पड़, पुलिसकर्मी पर बाल पकड़ कर खींचने का भी आरोप

पार्षद और उसके भांजे की मारपीट की शिकार पीड़िता की फरियाद सुनने की जगह हेड कॉन्स्टेबल ने मारा थप्पड़, पुलिसकर्मी पर बाल पकड़ कर खींचने का भी आरोप

एनसीआई@भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा)

घर के बाहर गली में झगड़े की आवाज सुन कर बाहर निकली महिला से वहां झगड़ा कर रहे पड़ोसी पार्षद के भांजे ने मारपीट कर दी। वह इस बात की शिकायत करने थाने गई तो पुलिसकर्मी ने उलटे उसे ही थप्पड़ जड़ दिया। मामला फूलबाग थाना क्षेत्र के गांव रामपुरा का है।

पीड़ित महिला रज्जो (32) पत्नी सतनाम सिंह की बड़ी बहन पालो देवी ने बताया- शुक्रवार रात 8 बजे उसके पड़ोस में रहने वाले पार्षद नेकचंद का भांजा संजय मोहल्ले के कुछ लड़कों से झगड़ रहा था। आवाज सुनकर छोटी बहन रज्जो घर से बाहर निकली। उसने संजय से झगड़ा करने की वजह पूछी तो पार्षद नेकचंद और उसका भांजा संजय नाराज हो गए। इन दोनों ने मिलकर रज्जो से मारपीट कर दी। शोर सुनकर रज्जो के परिजन घर से बाहर आए और बीच-बचाव किया।

पालो देवी के अनुसार, शनिवार सुबह 11 बजे करीब रज्जो के साथ हुई मारपीट की शिकायत करने वह उसके साथ फूलबाग थाने गई। वहां उसने रात के मामले को लेकर लिखित शिकायत की तो थाने का हेड कॉन्स्टेबल शिव कुमार उस पर आग बबूला हो गया। उसने अंदर से पट्टा मंगवाने की बात कहकर रज्जो को डराया। इसके बाद रज्जो और पालो दोनों बहनें बाहर आने लगीं तो हेड कॉन्स्टेबल ने रज्जो के बाल पकड़ लिए और उसे दो थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान आसपास खड़े लोगों ने विरोध किया तो हेड कॉन्स्टेबल ने उन्हें भी थाने में बंद करने की धमकी दी।

परिजन ने छुपकर बनाया घटना का वीडियो

इस दौरान थाने के बाहर खड़े महिला के परिजन ने छिपकर घटना का वीडियो बना लिया। महिला के साथ थाने में हुए बर्ताव से समाज के लोगों में रोष है। इन आक्रोशित लोगों ने दोपहर को फूलबाग थाने के बाहर एकत्र हो विरोध प्रदर्शन किया।

इस मामले में फूलबाग थाना इंचार्ज वीरेंद्र पाल सिंह ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल शिव कुमार घटना के बाद से फोन नहीं उठा रहा है। रज्जो का पति सतनाम और पालो का पति मलकीत सिंह मजदूरी करते हैं।

इन महिलाओं का आरोप है कि पार्षद नेकचंद के दबाव में थाने में उनकी एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई, उलटे उन्हें ही धमकाया जा रहा है। दोपहर में पीड़िता रज्जो ने हेड कॉन्स्टेबल की शिकायत एएसपी दिलीप सैनी से की। एएसपी ने पूरे मामले की जांच कर आरोपी हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया है। एएसपी ने कहा- घटनाक्रम की वीडियो देखा है। हेड कॉन्स्टेबल की भूमिका की जांच करेंगे। जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.