April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: 6 जिलों में हुई बारिश, वहीं 17 शहरों में बादल छाने से 2 डिग्री तक बढ़ा तापमान, अलवर में छाया घना कोहरा

राजस्थान: 6 जिलों में हुई बारिश, वहीं 17 शहरों में बादल छाने से 2 डिग्री तक बढ़ा तापमान, अलवर में छाया घना कोहरा

एनसीआई@जयपुर

राज्य में 20 दिन बाद आज बुधवार को फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया। इस क्रम में सुबह बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, श्रीगंगानगर, सीकर और झुंझुनूं के कई इलाकों में बादलों की गर्जना के साथ रिमझिम बारिश हुई। इस बारिश ने उन किसानों की चिंता बढ़ा दी है, जिनके खेतों में अब सरसों की फसलें पक कर तैयार हो गईं हैं या कटाई शुरू हो चुकी है। हालांकि गेहूं, चना और जौ की फसल करने वाले किसानों के लिए ये बारिश अच्छी है। इस बारिश से इन फसलों को फायदा मिलेगा।

मौसम केन्द्र जयपुर और स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक बीकानेर के लूणकरणसर में देर रात आसमान में बादल छाने के बाद आज तड़के से बारिश हुई। हनुमानगढ़ के भादरा, चूरू के सिद्धमुख क्षेत्र में सुबह बारिश होने के बाद हल्का कोहरा छाया रहा। सीकर के फतेहपुर में बादल और बारिश के कारण न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। यहां सुबह बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बरसात हुई।

मौसम केन्द्र जयपुर के ऑटोमेटिक वेदर सिस्टम की रिपोर्ट के मुताबिक बीकानेर के खाजूवाला में 2.5, छतरगढ़ में 2, गंगानगर के घड़साना में 1, सादुलशहर में 1 और हनुमानगढ़ में 1 एमएम बारिश दर्ज हुई।

यहां बादल छाने से रात का तापमान बढ़ा

इधर, दूसरी तरफ जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर, सिरोही, पाली, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, उदयपुर, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़ व झालावाड़ क्षेत्रों में आज हल्के बादल छाए रहे। बादलों के कारण इन शहरों में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया।

हिल स्टेशन माउंट आबू में भी न्यूनतम तापमान बढ़कर 4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जोधपुर में न्यूनतम तापमान चार डिग्री बढ़कर 16.4, कोटा में 15.7, जैसलमेर में 15 व चूरू में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

जयपुर में मौसम साफ, अलवर में हल्का कोहरा

राजधानी जयपुर में आज सुबह मौसम साफ रहा और हल्की धूप रही। जयपुर में कल दिन का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। अलवर क्षेत्र में आज सुबह हल्का कोहरा रहा। धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर में आसमान में हल्के बादल छाए रहे।

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू व झुंझुनूं जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश हनुमानगढ़ में 5 मिमी दर्ज हुई है। 1 फरवरी को भी राज्य के उत्तरी भागों में हल्की बारिश होने की सम्भावना है। शेष भागों में मौसम साफ रहेगा। 3-4 फरवरी को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर सम्भाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल सम्भावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.