April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा से लापता कोचिंग स्टूडेंट हिमाचल में मिला, फोन स्विच ऑफ किया हुआ था, इधर, एक और स्टूडेंट गायब

कोटा से लापता कोचिंग स्टूडेंट हिमाचल में मिला, फोन स्विच ऑफ किया हुआ था, इधर, एक और स्टूडेंट गायब

एनसीआई@कोटा

कोटा से 10 दिन पहले लापता हुआ एक कोचिंग स्टूडेंट हिमाचल के धर्मशाला में मिल गया। जेईई मेन्स का रिजल्ट आने के बाद से वह लापता था। वहीं, अब नीट की तैयारी कर रहा एक स्टूडेंट गायब हो गया।

पुलिस ने लापता स्टूडेंट को धर्मशाला से दस्तयाब किया है। वह जवाहर नगर थाना क्षेत्र के इंद्र विहार इलाके में हॉस्टल में रह रहा था। 13 फरवरी को बिना कुछ कहे हॉस्टल से निकल गया था। घरवालों ने कॉल किया तो उसका मोबाइल बंद आया। इस पर स्टूडेंट के पिता ने कोटा आकर जवाहर नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।

यह स्टूडेंट 12वीं के साथ ही जेईई की तैयारी कर रहा था। उसका 12वीं बोर्ड का परीक्षा सेंटर झालावाड़ में आया था, लेकिन वह एग्जाम देने नहीं गया। उसके लापता होने पर परीक्षा सेंटर पर भी पुलिस ने विशेष टीम तैनात की थी, लेकिन वह नहीं मिला।

ऐसे मिली सफलता

सिटी एसपी अमृता दुहन ने बताया कि 13 फरवरी से लापता स्टूडेंट को पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। जैसे-जैसे इनपुट मिलते गए, टीम उसे फॉलो करते हुए काम करती रही। इस बीच उसके हरिद्वार में होने की सूचना मिली। टीम हरिद्वार पहुंची तो वहां से उसके धर्मशाला में होने की जानकारी मिली। इसके बाद वहां की एसपी से बात कर मदद मांगी गई।

डिप्रेशन की बात आई सामने

23 फरवरी को लोकल पुलिस की मदद से बच्चे को धर्मशाला से संरक्षण में लिया गया और कोटा लेकर आए। प्रथमदृष्टया स्टूडेंट के डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है। सिटी एसपी ने बताया कि फिलहाल उससे पूछताछ नहीं की गई है। हमारी पहली प्राथमिकता उसे सुरक्षित वापस लेकर आना था।

दसवीं में आए थे 98 परसेंट

स्टूडेंट ने दसवीं कक्षा में 98 फीसदी अंक हासिल किए थे। इसके बाद कोटा में इंजीनियरिंग की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए आया था। उसने 11वीं की पढ़ाई भी कोटा से ही की थी। कोचिंग में टेस्ट के दौरान भी उसका परफॉर्मेंस अच्छ रहा। 12वीं कक्षा में आने के बाद उसका परफॉर्मेंस लगातार कम हो रहा था और जेईई रिजल्ट में भी उसका पर्सेंटाइल बहुत डाउन चला गया था। परिजनों ने शक जताया था कि इस वजह से वह लापता हो गया और 12वीं के एग्जाम में भी शामिल नहीं हुआ।

एक और कोचिंग स्टूडेंट लापता

कोटा से एक और कोचिंग स्टूडेंट के लापता होने का मामला सामने आया है। स्टूडेंट आर्यन मित्रा (17) सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। यह कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रहा है। 21 फरवरी की शाम को वह हॉस्टल से निकला था, मगर वापस नहीं लौटा। 22 फरवरी को उसका 12वीं का एग्जाम था। हॉस्टल मैनेजर ने कुन्हाड़ी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई है। वहीं इस स्टूडेंट की लोकेशन आगरा के आसपास मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.