अनंत अम्बानी के प्री-वेडिंग सेरेमनी की अन्न सेवा से हुई शुरुआत, 51 हजार व्यक्तियों को खिलाया जाएगा खाना (वीडियो)
एनसीआई@जामनगर (गुजरात)
अम्बानी परिवार के सबसे छोटे बेटे व उद्योगपति अनंत अम्बानी और राधिका मर्चेंट के विवाह पूर्व कार्यक्रमों की शुरुआत अन्न सेवा से हुई। जामनगर में रिलायंस टाउनशिप के पास जोगवड़ गांव में, मुकेश अम्बानी, अनंत अम्बानी और राधिका मर्चेंट सहित अम्बानी परिवार के अन्य सदस्यों ने गांव वालों को पारम्परिक गुजराती खाना परोसा। इस मौके पर राधिका की नानी और माता-पिता वीरेन और शैला मर्चेंट ने भी अन्न सेवा में हिस्सा लिया। इस आयोजन के तहत करीब 51 हजार स्थानीय निवासियों को भोजन कराया जाएगा। यह आयोजन अगले कुछ दिन तक जारी रहेगा।
अम्बानी परिवार ने अनंत अम्बानी और राधिका मर्चेंट के विवाह पूर्व समारोह के लिए स्थानीय समुदाय का आशीर्वाद मांगने के लिए अन्न सेवा का आयोजन किया है। भोजन के बाद उपस्थित लोगों ने पारम्परिक लोक संगीत का आनंद उठाया। इस अवसर पर प्रसिद्ध गुजराती गायक कीर्तिदान गढ़वी ने अपनी गायकी से समां बांध दिया।

अम्बानी परिवार में अन्न सेवा की परम्परा पुरानी है। परिवारिक शुभ अवसरों पर अम्बानी परिवार अन्न सेवा करता रहा है। कोरोना महामारी के दौरान जब देश संकट में था, तब भी अनंत अम्बानी की मां नीता अम्बानी की अगुवाई में रिलायंस फाउंडेशन ने दुनिया का सबसे बड़ा अन्न वितरण कार्यक्रम चलाया था। पारिवारिक परम्परा को आगे बढ़ाते हुए अनंत अम्बानी ने अपने विवाह पूर्व कार्यक्रमों की शुरुआत अन्न सेवा से की है।

