गाय काटने वालों के घरों पर चलेगा बुलडोजर, मेव समाज की महापंचायत में लिया फैसला, गौ मांस बेचने पर समाज से करेंगे बाहर
खैरथल (अलवर)
गौहत्या करने और गौ मांस खाने वालों के खिलाफ मेव समाज ने सख्त फैसला लिया है। समाज ने खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास में बीफ मंडी मिलने के मामले को लेकर शनिवार को मेदावास-बिरसंगपुर ईदगाह परिसर में महापंचायत की।
महापंचायत में मेव समाज के लोगों को गौ तस्करी-गौकशी करने, गौ मांस खाने और गौ मांस की बिक्री करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के लिए शपथ दिलाई गई। इसके अलावा आरोपी पर 21 हजार से 1.5 लाख रुपए तक जुर्माना लगाने का फैसला भी किया गया।

आरोपी के घर पर चलेगा बुलडोजर
जिला मेव पंचायत के संरक्षक शेर मोहम्मद ने बताया कि अगर कोई गौकशी करता है तो प्रशासन और कमेटी के सभी सदस्य मिलकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। आरोपी के मकान को बुलडोजर से गिराया जाएगा। सूचना देने वाले को कमेटी 11 हजार रुपए इनाम देगी। गलत सूचना देने वाले पर 21 हजार रुपए का जुर्माना होगा।
फैसले की हाईलाइट
• गौ तस्करी करने वालों पर एक लाख रुपए का जुर्माना।
• गौकशी करने वालों पर 1 लाख 51 हजार रुपए का जुर्माना।
• गौ मांस खाने वालों पर 21 हजार रुपए का जुर्माना।
• गौ मांस बिक्री करने वालों पर 50 हजार रुपए का जुर्माना होगा और सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
बाघोड़ा सरपंच मामल खान ने बताया कि ये महापंचायत मेदावास-बिरसंगपुर ईदगाह परिसर में की गई। इस दौरान गौकशी, गौ तस्करी सहित बीफ पर प्रतिबंध लगाने के लिए 4 विधानसभा क्षेत्र किशनगढ़बास, तिजारा, रामगढ़ सहित अलवर ग्रामीण के सैकड़ों लोग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गौकशी करने वाले लोगों का पूरी तरह सामाजिक बहिष्कार करने जैसे कड़े निर्णय लिए जाएंगे।
गौकशी की सूचना देने वाले का होगा सम्मान
मामल खान ने कहा कि रूंध-गिदावड़ा में बीफ मंडी का मामला सामने आने के बाद समाज को नीचा देखना पड़ा है। महापंचायत में जिला मेव पंचायत की ओर से जिले में कहीं भी गौकशी और गौ तस्करी में शामिल लोगों की सूचना देने वालों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया है।
पुलिस गौकशी और गौ तस्करी की सूचना देने वाले व्यक्ति को मुखबिर के नाम से सम्बोधित करती है, लेकिन अब ऐसे व्यक्ति सामाजिक कार्यकर्ता के नाम से जाना जाएगा। महापंचायत में सरकार और प्रशासन से गौ वंश के संरक्षण की मांगों पर चर्चा की जाएगी। भविष्य में इस तरह की गौकशी की घटना नहीं हो।
समाज के लोगों को दिलाई शपथ
मेव समाज के लोगों ने शपथ ली कि वह अहद (दृढ़ संकल्प) करते हैं कि गौ मांस को किसी भी सूरत में हमारे इलाके में न बेचा जाएगा न खाया जाएगा। इस दौरान जिला मेव पंचायत के संरक्षक शेर मोहम्मद, कांग्रेस नेता इमरान खान, मोहम्मद कासिम मेवाती, सरपंच उस्मान खान, रावका-बिदरका सरपंच जमशेद खान, बाघोड़ा सरपंच मामूल खान, अज्जी व अज्जू खानपुर सहित अनेक लोग शामिल रहे। उस्मान खान जिला पार्षद, बाघोड़ा सरपंच ममूल खान, सरपंच प्रतिनिधि जमशेद खान पूर्व सरपंच, पंचायत समिति सदस्य रशीद सहित मेव समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
