चार निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी को समर्थन दिया, पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईडवा सहित 33 नेता-कार्यकर्ताओं ने जॉइन की पार्टी, बागियों की वापसी हुई

एनसीआई@जयपुर
आज चार निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी को अपना समर्थन दे दिया है। इनमें चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी, हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज और बयाना से विधायक ऋतु बनावत शामिल हैं। इसके साथ ही पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईडवा सहित 33 नेता-कार्यकर्ताओं ने बीजेपी जॉइन कर ली।

वहीं, बीजेपी से बागी होकर कोटपूतली से चुनाव लड़ने वाले मुकेश गोयल, बस्सी से चुनाव लड़ने वाले जितेन्द्र मीणा, जालम सिंह रावलोत, विकेश खोलिया, सुखवंत सिंह, विजय मीणा और दानाराम चौधरी भी वापस बीजेपी में शामिल हो गए।
इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा- गोपाल सिंह ईडवा ने मेरे सामने चुनाव लड़ा था। आज बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इन्होंने आज बिना शर्त भारतीय जनता पार्टी जॉइन की है। यह भी चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बने।

सीपी जोशी बोले- 90 दिनों में 45% काम पूरे कर दिए
सीपी जोशी ने कहा- राजस्थान में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। हमारी पार्टी ने जो वादे चुनाव से पहले किए थे। 90 दिनों में शानदार काम करते हुए उनमें से 45% काम पूरे भी कर दिए हैं। अब हमारे कार्यकर्ता लोकसभा में भी 25 सीट जीतकर मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाएंगे।

