शराब पार्टी में हुए झगड़े के बाद डम्पर से कुचलकर 2 भाइयों सहित 5 की हत्या, पुलिस स्टेशन जा रहे थे ये लोग, इलाके में भारी तनाव, 6 थानों का जाब्ता तैनात
एनसीआई@भवानीमंडी (झालावाड़)
झालावाड़ जिले के भवानीमंडी में झगड़े के बाद देर रात दो सगे भाइयों सहित पांच लोगों को डम्पर से कुचल दिया। जानकारी के अनुसार पगरिया थाना क्षेत्र के विनायका फंटे गांव में देर रात दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद एक पक्ष के लोग मोटर साइकिलों पर पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे थे। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर डम्पर चढ़ा दिया। इस वारदात की जानकारी मिलने पर पगरिया सहित 6 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। गांव में भारी तनाव व्याप्त है। प्रशासन इस पर नजर बनाए हुए है।
एएसपी चिरंजीलाल ने बताया कि हत्या के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। इन्हें पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं। इनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

हत्याकांड के बाद इलाके में व्याप्त तनाव को को देखते हुए एएसपी चिरंजीलाल मीणा व सीओ भवानीमंडी के साथ थाना अधिकारी पगारिया, डग, गंगाधर, उन्हेल, रायपुर, मिश्रौली व पुलिस लाइन का जाब्ता भी वहां तैनात है।
इन लोगों की हुई मौत
जानकारी के अनुसार इस वारदात में गोवर्धन सिंह, धीरज सिंह, भरत सिंह व तूफान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बालूसिंह ने इलाज के दौरान आवर हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। मृतकों में से तीन एक ही परिवार के बताए गए हैं, इनमें दो सगे भाई शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गोवर्धन सिंह, धीरज सिंह, भरत सिंह, तूफान सिंह व बालूसिंह बाइक से पगरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में आरोपी रणजीत सिंह व डूंगरसिंह ने पास खड़े डम्पर को इन पर चढ़ा दिया और कुचलकर मार दिया।

यह था मामला
पुलिस के अनुसार बीती रात करीब सवा बारह बजे पगारिया थाना क्षेत्र के ग्राम विनायका में शराब पार्टी के दौरान गोवर्धनसिंह ,धीरसिंह, भारतसिंह व तूफान सिंह सोंधिया राजपूत निवासी विनायका, बालूसिंह पुत्र शिव सिंह निवासी हरनावदा का झगड़ा रणजीत सिंह व डूंगरसिंह निवासी विनायका थाना पगारिया से हो गया था। शराब के नशे में यह झगड़ा काफी बढ़ गया। इसके बाद ही यह वारदात सामने आई। पुलिस ने डम्पर को जप्त कर लिया है।
