April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

रेलवे टिकटों की दलाली करते दो बुकिंग क्लर्क गिरफ्तार, दोनों से तत्काल श्रेणी के 5 टिकट बरामद, कुरियर के जरिए भेजते थे मुम्बई

रेलवे टिकटों की दलाली करते दो बुकिंग क्लर्क गिरफ्तार, दोनों से तत्काल श्रेणी के 5 टिकट बरामद, कुरियर के जरिए भेजते थे मुम्बई

एनसीआई@कोटा

आरपीएफ खुफिया अपराध शाखा ने रविवार को टिकट दलाली करते दो बाबुओं को गिरफ्तार किया है। बाबुओं को आरपीएफ पोस्ट के हवाले कर दिया गया। दोनों के पास से तत्काल श्रेणी के कुल पांच टिकट बरामद हुए। इनका मूल्य करीब 25 हजार 890 रुपए है। सभी टिकट मुम्बई से यात्रा के बने हुए थे। बाबुओं को आज को अदालत में पेश किया जाएगा।

पकड़ा गया बुकिंग क्लर्क जावेद खान (40) संजय नगर,भीमगंजमंडी का रहने वाला है। यह छबड़ा गुगोर स्टेशन पर तैनात था। वहीं दूसरा बाबू गुलाम मुस्तफा अंसारी (28) भी भीमगंजमंडी नेहरू नगर पावर बिल्डिंग के पास रहता है। यह लाखेरी स्टेशन पर तैनात था।

सूचना पर आरपीएफ ने रखी नजर

अधिकारियों को काफी दिन से सूचना मिल रही थी कि छबड़ा गुगोर स्टेशन पर जावेद खान तत्काल श्रेणी के टिकटों की अवैध दलाली करता है। सूचना पर आरपीएफ की ओर से जावेद पर नजर रखी जाने लगी। रविवार को अवकाश के चलते जावेद छबड़ा नहीं गया, लेकिन वह टिकट बनवाने सोगरिया स्टेशन पहुंच गया। यहां पर उसने जैसे ही टिकट बनवाए, मौके की तलाश में खड़ी आरपीएफ की टीम ने जावेद को दबोच लिया।

कुरियर से भेजता था टिकट

पूछताछ में जावेद ने आरपीएफ को बताया कि वह यह टिकट कुरियर के माध्यम से मुम्बई भेजता था। मुम्बई का दलाल किराए के अलावा हर यात्री पर 400 रुपए अतिरिक्त देता था। इसके बाद आरपीएफ ने जावेद को कुरियर वाले को टिकट सौंपने को कहा। आरपीएफ के निर्देश पर जावेद ने पार्सल कार्यालय में यह टिकट राजेश नाम के एक कुरियर वाले को सौंप दिए। टिकट सौंपते ही आरपीएफ ने राजेश को भी हिरासत में ले लिया।

मुम्बई का दलाल लेता था टिकट

पूछताछ में राजेश ने बताया कि वह लिफाफों में रखकर इन टिकटों को मुम्बई-जयपुर सुपरफास्ट ट्रेन के लीज होल्डर ठेकेदार के कर्मचारियों को देता था। कर्मचारी इन पार्सल यान में रखकर इन टिकटों को मुम्बई पहुंचा देता था। मुम्बई का दलाल लीज होल्डर वाले से इन टिकटों को प्राप्त कर लेता था।

बाबू को टिकट देते ही दबोचा

पूछताछ में राजेश ने आरपीएफ को बताया कि लाखेरी का एक बाबू गुलाम मुस्तफा भी इसी तरह अवैध टिकटों को कुरियर के जरिए मुम्बई पहुंचाता है। राजेश ने बताया कि यह बाबू भी अभी उसे टिकट देने आने वाला है। इस सूचना पर आरपीएफ सतर्क हो गई। आरपीएफ इधर-उधर छुपकर लाखेरी के बाबू का इंतजार करने लगी। कुछ ही देर में लाखेरी का बाबू भी पार्सल कार्यालय पहुंच गया। यहां पर बाबू ने जैसे ही राजेश को टिकट सौंपे, मौके की तलाश में खड़ी आरपीएफ की टीम ने उसे भी दबोच लिया।

अपराध शाखा निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक चंदन सिंह, प्रधान आरक्षक रनवीर सिंह, संदीप सिसोदिया व आरक्षक शीशराम गुर्जर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.