पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूर्व विधायक धाकड़ की मौत का अलग कारण सामने आया, रहस्य गहराया, हत्या के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस
एनसीआई@भीलवाड़ा
कांग्रेस नेता और मांडलगढ़ (भीलवाड़ा) से विधायक रहे विवेक धाकड़ (47) का शव 4 अप्रेल को उनके कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला था। कुर्सी पर बैठी हुई अवस्था में उनकी गर्दन एक ओर लुढ़की हुई थी। उनके हाथों की नसें कटी होने व खून बहता होने से तब उनके द्वारा नसें काटकर आत्महत्या करने का अंदाजा लगाया गया था। मगर अब सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत फंदा लगाने से होने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि विवेक धाकड़ के शव के पास खून से सनी हुई एक ब्लेड भी मिली थी। यही नहीं कमरे में पंखे से लटका हुआ एक फंदा भी दिखा था। घटनास्थल की परिस्थितियों से तब यह अंदाजा लगाया गया था कि धाकड़ ने पहले फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, मगर उसमें असफल होने पर अपने हाथों की नसें काट लीं।

विवेक धाकड़ को परिजन अचेत अवस्था में महात्मा गांधी अस्पताल लेकर गए थे, वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। मौत के बाद सामने आए एक फोटो में उनकी गर्दन पर गहरा निशान साफ नजर आ रहा था। इसे ही फंदे का निशान माना जा रहा है।
डॉक्टर बोले- फंदा लगाने से घुटा दम
इस मसले पर सुभाष नगर थाना प्रभारी शिवराज ने कहा- मामले पर कुछ कहना फिलहाल थोड़ी जल्दबाजी होगी। पुलिस मौके के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य बिंदुओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकेगा।
मेडिकल बोर्ड से पूर्व विधायक का पोस्टमॉर्टम करवाया गया था। 4 डॉक्टर्स की टीम में से एक डॉक्टर के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम में पूर्व विधायक की मौत का कारण फंदा लगाने से दम घुटना सामने आया है।
इसलिए गहराया रहस्य
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी एंगल को जोड़ते हुए जांच की जा रही है। इनमें विवेक की मौत से पहले उनका परिजनों से झगड़ा होना, अपनी सारी सम्पत्ति केवल पिता के नाम करना और यदि आत्महत्या फंदा लगा कर की तो शव को किस प्रकार और किसने नीचे उतारा आदि एंगल शामिल हैं।
इस मामले में यह तर्क भी सामने आया है कि विवेक अपने पिता के कमरे के साथ वाले कमरे में ही सोए थे। ऐसे में उनके पिता को इस घटना की कोई जानकारी नहीं होना सहित अन्य सवालों के जवाब भी पुलिस तलाश रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि मामले में हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
