टेंट कारोबारी की हैवानियत, बच्चों की देखभाल करने वाली नाबालिग से किया दुष्कर्म, विरोध करने पर मारपीट कर निकाल दिया
एनसीआई@जयपुर
विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में टेंट कारोबारी के द्वारा नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस बीच पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी टेंट कारोबारी ने उससे मारपीट की। पीड़िता की नानी ने इस सम्बन्ध में 29 अप्रेल, सोमवार को विद्याधर नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। इस पर पुलिस ने आज मंगलवार को पीड़िता की मेडिकल जांच करवाई।

विद्याधर नगर थाने के एसएचओ राकेश ख्यालिया के अनुसार, विद्याधर नगर निवासी बुजुर्ग महिला ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि उनकी 14 साल की दोहिती के साथ टेंट कारोबारी रवि जिंदल ने दुष्कर्म किया है। करीब डेढ़ साल से नाबालिग रवि जिंदल के घर में बच्चों की देखरेख करने का काम कर रही थी। इसके लिए रवि जिंदल ढाई हजार रुपए प्रति माह देता था।
2 अप्रेल को रवि जिंदल ने नाबालिग दोहिती को घर में अकेला था पाकर उससे दुष्कर्म किया। नाबालिग ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उससे मारपीट की। साथ ही डरा-धमकाकर घर से निकाल दिया। इसके बाद नाबालिग नानी के पास ही रहने लगी।
26 दिन बाद नानी को आपबीती बताई
28 अप्रेल को बातचीत के दौरान नाबालिग दोहिती ने नानी को आपबीती सुनाई। आरोपी रवि जिंदल की करतूत पता चलने पर 29 अप्रेल को महिला अपनी दोहिती को लेकर विद्याधर नगर थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
