April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

आखिर कांग्रेस ने कर दिया अमेठी और रायबरेली के उम्मीदवारों का खुलासा, जानें राहुल कहां से उम्मीदवार, प्रियंका ‌का क्या हुआ?

आखिर कांग्रेस ने कर दिया अमेठी और रायबरेली के उम्मीदवारों का खुलासा, जानें राहुल कहां से उम्मीदवार, प्रियंका ‌का क्या हुआ?

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने नामांकन के अंतिम वक्त अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया है। दोनों नामों की लिस्ट आ गई है। राहुल गांधी अब तक अमेठी से चुनाव लड़ते आए हैं, मगर इस बार पार्टी ने उनकी सीट बदल दी है।

एनसीआई@नई दिल्ली

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने नामांकन के अंतिम वक्त अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने रायबरेली से राहुल गांधी और अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया है। राहुल गांधी अब तक अमेठी से चुनाव लड़ते आए हैं, मगर इस बार पार्टी ने उनकी सीट बदल दी है। वहीं केएल शर्मा पहली बार चुनावी मैदान में होंगे। उन्हें अमेठी में बीजेपी की दिग्गज स्मृति इरानी के सामने उतारा गया है।

केएल शर्मा को सोनिया गांधी का करीबी माना जाता है। वो अब तक रायबरेली में सांसद प्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी संभालते आए हैं।‌ सात चरण के आम चुनाव के पांचवें फेज में 20 मई को अमेठी और रायबरेली सीट पर मतदान होगा।‌ ये दोनों सीटें परम्परागत रूप से गांधी-नेहरू परिवार के सदस्यों के पास रही हैं। पहली बार पार्टी ने अमेठी से गैर गांधी परिवार से उम्मीदवार बनाया है।

उल्लेखनीय है कि अमेठी से बीजेपी की सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं, जबकि रायबरेली से बीजेपी ने दूसरी बार दिनेश प्रताप सिंह पर भरोसा जताया है। दिनेश 2019 का चुनाव हार गए थे। 2019 में रायबरेली से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने जीत हासिल की थी।

कांग्रेस से केएल शर्मा होंगे अमेठी से उम्मीदवार

2014 और 2019 में अमेठी सीट पर राहुल गांधी और स्मृति ईरानी के बीच चुनावी मुकाबला हुआ था। इसमें 2014 में राहुल ने जीत हासिल की थी, जबकि 2019 में स्मृति ईरानी ने बड़ा उलटफेर कर दिया था और पहली बार जीत हासिल की थी। इस बार कांग्रेस ने अमेठी में नया दांव खेला है और सोनिया गांधी के करीबी किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतार कर चौंका दिया है।

वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे हैं राहुल गांधी

अमेठी सीट पर राहुल गांधी ने पहली बार 2004 में चुनाव जीता था। उसके बाद वे लगातार तीन बार 2019 तक वहां से संसद सदस्य बने रहे। राहुल वर्तमान में केरल की वायनाड सीट से सांसद हैं और इस बार भी उन्होंने वायनाड से चुनाव लड़ा है। वहां दूसरे चरण में वोटिंग हो चुकी है।

सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी के नामांकन प्रक्रिया में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी शामिल हो सकती हैं.

रायबरेली सीट इसलिए अहम

2019 के चुनाव में कांग्रेस यूपी की जो एक सीट जीत सकी थी, वो रायबरेली सीट ही थी। इस सीट से सोनिया गांधी संसद पहुंची थीं। सोनिया गांधी इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रही हैं, वे राजस्थान से राज्यसभा पहुंच चुकी हैं। दरअसल, सोनिया गांधी ने 2019 में घोषणा की थी कि यह उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। वे 1999 में कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अमेठी से चुनाव लड़ी थीं और जीत हासिल की थी। उसके बाद 2004 में वो पहली बार रायबरेली से चुनाव लड़ीं और जीतीं।‌ सोनिया गांधी कुल पांच बार सांसद चुनी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.