बंद कमरे में मिला युवक का दो दिन पुराना शव, हाथ-पैर और मुंह बंधा हुआ था, पत्नी पर हत्या का शक
एनसीआई@बूंदी
कोतवाली थाना क्षेत्र में मालनमासी बालाजी के पीछे स्थित जवाहर कॉलोनी के एक मकान में किराये से रहने वाले युवक का करीब दो दिन पुराना शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। साथ ही एमओबी व एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले गए, ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके।

घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि जवाहर कॉलोनी स्थित एक मकान के बाहर बने हुए एक कमरे से खून बह कर बाहर आता दिख रहा। साथ ही वहां से दुर्गंध आ रही है। इस पर एएसपी उमा शर्मा व कोतवाली थाना अधिकारी तेजपाल सैनी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। पुलिस ने मकान मालिक से मृतक किरायेदार और उसकी पत्नी के बारे जानकारी जुटाई। इसमें पता चला कि मृतक पिछले करीब एक वर्ष से कमरा किराये पर लेकर रह रहा था, वह यहां पशु चिकित्सालय में चल रहे निर्माण कार्य के संवेदक के पास मुंशी का काम करता था।

मृतक झालावाड़ जिले का था निवासी
पूछताछ में पता चला कि मृतक मोहनलाल तंवर (44) पुत्र मांगीलाल निवासी नीमखेड़ा, तहसील अकलेरा, जिला झालावाड़ का रहने वाला था। वह यहां किराये के मकान में अकेला रहता था। बीच-बीच में उसकी पत्नी धापू बाई एक-दो दिन के लिए आ जाती थी। मोहनलाल का शव मिलने से तीन दिन पूर्व भी धापू बाई यहां आई थी और 1 मई की शाम तक घर पर ही देखी गई थी। उस समय दोनों के साथ में खाना खाने की जानकारी भी मिली है। पड़ोसियों के अनुसार दोनों पति-पत्नी सामान्य तरीके से रहते थे। उनके बीच किसी तरह के मन मुटाव या झगड़े की बात सामने नहीं आई है।

ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
मोहनलाल के कमरे का कल 2 मई को बाहर से ताला लगा हुआ दिखा तो मकान मालिक ने अंदाजा लगाया था कि वह काम पर चला गया होगा। इसलिए उसने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। मगर आज शुक्रवार, 3 मई की सुबह मकान मालिक अपनी किराने की दुकान खोलने आया तो वहां आए ग्राहकों ने बदबू आने की बात कही। इस पर उसने निगाह दौड़ाई तो कमरे के दरवाजे से खून बहता दिखाई दिया। इस पर किसी अनहोनी की आशंका से उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे के बाहर लगा हुआ ताला तुड़वा कर अंदर देखा तो वहां मोहनलाल तंवर की लाश पड़ी हुई थी। उसके पैर-घुटने से व हाथ बंधे हुए थे। मुंह पर भी कपड़ा बंधा हुआ था। यही नहीं नाक और मुंह से खून बह रहा था। शव पुराना हो जाने के कारण उससे बदबू आ रही थी।

पत्नी धापू बाई पर संदेह
इस वारदात में मृतक मोहनलाल की पत्नी धापू बाई का हाथ होने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है। उसके ससुराल में होने की जानकारी मिली है।
एएसपी उमा शर्मा ने बताया कि मोहनलाल पुत्र मांगीलाल तंवर की हत्या के बारे में सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। इसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
