बेटी की मौत की सूचना पाकर परिजन ससुराल में पहुंचे तो वहां जलाया जा रहा था उसका शव, पीहर के लोगों को देख ससुराल वाले भाग छूटे, जहर देकर बेटी की हत्या का आरोप
एनसीआई@दौसा
लालसोट थाना इलाके के डिगो गांव में गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे करीब बेहद दर्दनाक-दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया। इस गांव में ब्याही गई अपनी बेटी की मौत की खबर पाकर परिजन यहां पहुंचे तो बात सही निकली। 21 वर्षीय बेटी के ससुराल वाले उन्हें खबर दिए बिना खेत में उसके शव को जला रहे थे। पीहर पक्ष के लोगों को देखकर आरोपी ससुराल वाले वहां से फरार हो गए। परिजनों ने उसे जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। इसीलिए गुपचुप तरीके से उसके शव को जलाया जा रहा था।

डीएसपी उदय सिंह मीणा ने बताया- पुलिस मौके पर पहुंची तब तक शव लगभग पूरा जल चुका था। मृतका के पीहर पक्ष के लोग मौजूद थे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर मर्डर करने और जलाने के बाद सूचना देने का आरोप लगाया। ससुराल पक्ष के 5 लोगों पति, सास-ससुर, ननद व चाचा ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
रिपोर्ट में मां ने कहा-अक्सर मारपीट करते थे
मृतका सुनीता देवी (21) की मां लाली देवी (47) ने लालसोट थाने में गुरुवार शाम हत्या का मामला दर्ज कराया। रिपोर्ट में कहा गया है कि, सुनीता की शादी डिगो गांव के राजेश मीणा से 2019 में की थी। उसकी दो बेटियां क्रमश: 2 साल और 4 महीने की हैं।
शादी के बाद से ही बेटी को पति राजेश, ससुर फैलीराम, सास ग्यारसी देवी, चाचा ससुर हंसराज, ननद सुनीता दहेज के लिए परेशान करने लगे। मारपीट करते थे। सुनीता अपने पीहर शाहपुरा गांव, लालसोट आ जाती तो मनाकर ले जाते थे।
रिपोर्ट में आगे कहा है कि, सुनीता प्रेग्नेंट हुई तो साल भर उसे पीहर में रखा। बेटियां होने के बाद से उसे दहेज के लिए ज्यादा परेशान किया जाने लगा था। मां लाली देवी ने आगे कहा है कि, गुरुवार शाम 5 बजे सुनीता के चाचा ससुर हंसराज ने मेरे भाई अशोक को फोन कर कहा कि तुम्हारी भांजी की मौत हो गई है। भाई ने मेरे देवर मुकेश को जानकारी दी। इसके बाद मैं, बेटा गणेश और देवर मुकेश शाम साढ़े पांच बजे डिगो गांव पहुंचे। जहां एक खेत में ससुराल वाले शव को जला रहे थे। हमें देखकर वे शव जलता छोड़ फरार हो गए।
डीएसपी ने यह बताया

डीएसपी उदय सिंह मीणा ने बताया- सुनीता के परिवार के लोगों ने गुरुवार शाम 5.45 बजे डिगो गांव से ही लालसोट एसएचओ हवासिंह यादव को घटना की सूचना दी। पुलिस शाम 6 बजे मौके पर पहुंची। शुक्रवार की सुबह डीएसपी उदय सिंह मीणा के साथ एफएसएल की टीम गांव पहुंची और सबूत जुटाए। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाई का आरोप- जहर देकर मारा
सुनीता के भाई गणेश ने बताया- 3 दिन पहले सुनीता का फोन आया था। तब उसने बताया कि ससुराल के लोग दहेज की मांग कर रहे हैं और मारपीट कर रहे हैं। उसे कहते थे कि तेरे बाप के पास से क्या लाई थी, जा और रुपए लेकर आ। गुरुवार शाम को इन लोगों ने मेरी बहन को पहले पीटा फिर जहर देकर मार डाला। हत्या के बाद शव को आनन-फानन में घर से 500 मीटर दूर खेत में ले गए। थोड़ी सी लकड़ियां डालकर उसके ऊपर तेल डालकर शव जला दिया।
