बेटा-बेटी की शादी से पहले समधी और समधन में हो गया प्यार, अपने 16 बच्चों को छोड़कर घर से हो गए फरार
बेटे की शादी से पहले उसके पिता का दिल अपनी होने वाली समधन पर आ गया। बातचीत के बाद दोनों शादी से ठीक पहले घर से फरार हो गए। दूल्हे के पिता के कुल 10 बच्चे हैं, जबकि दुल्हन की मां के 6 बच्चे हैं।
एनसीआई@कासगंज (उत्तर प्रदेश)
उत्तर प्रदेश के कासगंज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। हुआ यह कि बेटे की शादी से पहले उसके बाप का दिल अपनी होने वाली समधन अर्थात दुल्हन की मां पर आ गया। इसके बाद दोनों शादी से ठीक पहले घर से फरार हो गए। जैसे ही यह जानकारी सामने आई दोनों परिवारों में हड़कम्प मच गया। इस मामले में दुल्हन के पिता की ओर से दूल्हे के पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। यह घटना हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह पूरा मामला जिले के गंज डुंडवारा थाना इलाके का है। यहां के एक गांव में रहने वाले पप्पू की बेटी की शादी शकील नाम के शख्स के बेटे से तय हुई थी। शकील का पप्पू के घर आना-जाना था। शादी की तारीख नजदीक आ रही थी कि इसी बीच ऐसा कांड हो गया कि दोनों परिवार हैरान रह गए। हुआ यह कि शकील अपनी समधन यानी पप्पू की पत्नी को ले भागा।
एक के 10 तो एक के हैं 6 बच्चे
पप्पू ने इस मामले में आरोप लगाया है कि शकील उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर पप्पू ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। इसमें शकील पर उसकी पत्नी का अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुट गई है।इस मामले में एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है कि, समधी शकील के 10 बच्चे हैं, जबकि उसकी समधन के 6 बच्चे हैं।
पुलिस ने यह बताया
इस मामले में सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि थाना गंज डुंडवारा का एक मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता पप्पू ने 8 जून को सूचना दी थी कि उसकी पत्नी लापता है। सूचना पर तत्काल पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इसके बाद पप्पू द्वारा 11 जुलाई को पुनः प्रार्थना पत्र दिया गया। इस बार उसने गणेशपुर निवासी शकील पर आरोप लगाया है कि वह उसकी पत्नी को भगा ले गया है। इस केस में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
