उत्तर प्रदेश से गंगा नदी में बिहार पहुंची नाव, पुलिस ने जांच की तो खुली रह गई आंखें
एनसीआई@पटना
बिहार में शराबबंदी है। हालांकि यह कितनी सफल है या असफल, यह अलग विषय है। इसी बिहार की राजधानी पटना की मनेर पुलिस ने शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब पकड़ी है। पुलिस ने छितनावां गंगा घाट और बिहटा शिवाला मार्ग से कुल 103 कार्टन विदेशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। पकड़ी गई शराब की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपए आंकी गई है।
पहली घटना में, मनेर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से नाव के जरिए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मंगवाई जा रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए मनेर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने अपनी टीम के साथ छितनावां गंगा घाट पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर तस्कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा करके शशि कुमार और गणेश कुमार नामक दो तस्करों को धर दबोचा। मौके से 84 कार्टन अंग्रेजी शराब, एक बाइक और एक स्कूटी भी बरामद की।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि ‘राजधानी से सटे मनेर थाना क्षेत्र के छितनावां गंगा नदी घाट पर उत्तर प्रदेश से नाव के जरिए अंग्रेजी शराब लाई जा रही थी। मुखबिर ने पुलिस को इस बात की सूचना दे दी थी। इस पर तुरंत सहायक थानाध्यक्ष मनोज कुमार, पीएसआई अफसर अली, एएसआई राम सुरेश प्रसाद व जिला बल को छितनावां गंगा नदी घाट पर भेजा। वहां घेराबंदी करते हुए छापेमारी की तो 84 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई। तस्कर अपनी स्कूटी और बाइक के सहारे इस शराब को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे थे।
यहां टेक्सी कार में लाई गई शराब जब्त
वहीं, दूसरी घटना में नेउरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि बिहार नम्बर की एक टेक्सी कार में भारी मात्रा में शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही नेउरा पुलिस ने बिहटा शिवाला मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। पुलिस को देखकर टेक्सी चालक कार छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 19 कार्टन में 195 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
