April 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

शराब ठेके पर ग्राहक बनकर पहुंच गए डीएम, सेल्समैन ने वसूले अधिक रुपए, लगा भारी जुर्माना

शराब ठेके पर ग्राहक बनकर पहुंच गए डीएम, सेल्समैन ने वसूले अधिक रुपए, लगा भारी जुर्माना

उत्तराखंड में शराब के ठेकों पर ओवर रेटिंग की शिकायतों के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार शाम ग्राहक बनकर छापेमारी की। ओल्ड राजपुर रोड स्थित शराब के एक ठेके पर उन्होंने व्हिस्की की एक बोतल मांगी जिस पर एमआरपी 660 रुपए अंकित था, लेकिन सेल्समैन ने उनसे 680 रुपए मांगे। इस पर जिलाधिकारी ने बोतल की एमआरपी बताई तो सेल्समैन उल्टे उनसे ही झगड़ पड़ा।

एनसीआई@देहरादून

शराब की ओवर रेटिंग का पता लगाने के लिए बुधवार शाम जिलाधिकारी सविन बंसल ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे तो असलियत सामने आ गई। देर शाम वह निजी कार से ओल्ड राजपुर रोड स्थित शराब के ठेके पर पहुंचे और आम ग्राहक की भांति वह शराब खरीदने के लिए काउंटर पर खड़े हो गए।

हालांकि, जब उसे पता चला कि शराब खरीदने वाला आम ग्राहक नहीं, बल्कि देहरादून के जिलाधिकारी हैं, तो उसके होश उड़ गए।

खुद जांच करने पहुंच गए डीएम

ओवर रेटिंग की शिकायतों की पड़ताल करने जिलाधिकारी स्वयं शराब ठेके पर पहुंचे थे। इसके बाद वह शराब ठेके के भीतर गए और स्टाक रजिस्टर आदि की जांच की। जिलाधिकारी ने ओवर रेटिंग पर कड़ी नाराजगी जताई और कार्रवाई करते हुए शराब ठेका संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस दौरान ओवर रेटिंग की प्रशासन ने वीडियो रिकार्डिंग भी करवाई।

जिलाधिकारी सविन बंसल के मुताबिक, शराब के ठेकों पर ओवर रेटिंग की शिकायत निरंतर मिल रही थी। साथ ही यह भी बताया जा रहा था कि एमआरपी के हिसाब से शराब बेचने की मांग करने पर सेल्समैन मारपीट पर भी उतारू हो जाते हैं।

इसी बात की तस्दीक करने के लिए जिलाधिकारी बंसल ने स्वयं शराब ठेके पर ग्राहक की भांति जाकर पड़ताल करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही उन्होंने अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, उपजिलाधिकारी हरगिरी और शालिनी नेगी को भी शराब ठेकों की जांच करने के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी के मुताबिक, सभी जगह शराब ठेकों में ओवर रेटिंग पाई गई है। उधर, देर रात तक जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय की टीम भी ठेकों की जांच में जुटी हुई थी। आबकारी विभाग की जांच में भी शराब में एमआरपी से अधिक की वसूली की बात सामने आई है।

60 रुपए तक अधिक वसूली

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि शराब ठेकों की जांच में पाया गया कि प्रति बोतल 10 रुपए से लेकर 60 रुपए तक अधिक वसूल किए जा रहे हैं। यह बात भी सामने आई है कि ठेकों के सेल्समैन का व्यवहार ग्राहकों के प्रति सही नहीं रहता है।

जिलाधिकारी ने देखा अपमानजनक व्यवहार

शराब ठेके पर छापेमारी के दौरान जैसा बर्ताव जिलाधिकारी ने स्वयं के प्रति पाया, उसी तरह का व्यवहार सेल्समैन अन्य नागरिकों के साथ भी कर रहे थे। शराब खरीदने पहुंचे ग्राहकों से भी जिला प्रशासन ने बात की और उनके अनुभव सुने। ग्राहकों ने बताया कि ओवर रेटिंग आम है और एमआरपी का जिक्र करने पर सेल्समैन मारपीट पर तक उतारू हो जाते हैं।

ओवर रेटिंग पर कार्रवाई का यह नियम

पहली बार, 50 हजार रुपए का चालान
दूसरी बार, 75 हजार रुपए का चालान
तीसरी और अधिक बार, एक लाख रुपए का चालान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.