राजस्थान: पति के सोए हुए होने का भ्रम पाल कर 3 दिन तक उनके शव के साथ रही पत्नी, देवर घर आया तो भी उनके सोए हुए होने की बात कही, पुलिस के आने पर खुली हकीकत
एनसीआई@उदयपुर
गोवर्धन थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला अपनी पति की मौत के बाद उसे सोया हुआ समझकर 3 दिन तक उसके शव के साथ रहती रही। जब देवर घर आया तो उसे भी मिलने नहीं दिया। छोटे भाई ने शक होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब सच्चाई सामने आई।
पुलिस के अनुसार- बलीचा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्यम टावर निवासी महावीर कोटडिया (53) अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। पत्नी मानसिक रूप से कमजोर है। इस दम्पती के कोई संतान नहीं है। तीन दिन पहले 23 सितम्बर को महावीर का भाई उनकी तबीयत पूछने उनके घर गया था। तब महावीर कमरे में थे। उनकी पत्नी ने देवर को बताया कि पति नींद में हैं। इस पर भाई लौट गया।
पुलिस के पहुंचने पर हुआ खुलासा
इसके बाद भाई बुधवार सुबह वापस महावीर से मिलने पहुंचा। इस बार भी पत्नी ने कहा कि पति सो रहे हैं। तब शक होने पर भाई ने गोवर्धन विलास थाने में सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर में कुछ दुर्गंध फैली हुई थी। पुलिस ने कमरे में नजर डाली। महावीर पलंग पर थे, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। शरीर अकड़ा हुआ दिख रहा था। पुलिस ने शव को तुरंत एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया। पुलिस और डॉक्टरों का मानना है कि महावीर की मौत तीन दिन पहले हो गई थी। पुलिस का कहना है कि मृतक की मौत कैसे और किस कारणों से हुई, इस बात का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग पाएगा।
