अभिनेता गोविंदा गोली लगने से घायल, अपनी ही लाइसेंसी रिवॉल्वर साफ करते वक्त हुआ हादसा, आईसीयू में भर्ती
एनसीआई@मुम्बई
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा के साथ आज मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। वह अपनी ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ऑपरेशन कर उनकी गोली निकाल दी गई है। इसके बाद उनकी हालत खतरे से बाहर है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना सुबह 4 बजकर 47 मिनट की है। उन्हें सुबह छह बजे की फ्लाइट से कोलकाता जाना था। इससे पूर्व वह अपनी रिवॉल्वर साफ कर रहे थे। इस दौरान रिवॉल्वर नीचे गिर गई और उससे गोली चल गई। यह गोली उनके पैरों में लगी। जब यह हादसा हुआ, उस वक्त घर में उनके अलावा कोई और नहीं था। इसके बाद उन्होंने किसी प्रकार उनके रिश्तेदारों को फोन किया। उन्होंने गोविंदा को उनके घर के पास ही में स्थित क्रिटी केयर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया। जहां उनका ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई।
मैनेजर ने यह दी जानकारी
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इस सम्बन्ध में Indianexpress.com को विस्तृत जानकारी दी। इसमें उन्होंने कहा, “गोविंदा जी खतरे से बाहर हैं। जब यह हादसा हुआ, वह कोलकाता के लिए रवाना होने वाले थे। वह अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर को अलमारी में ठीक से रख रहे थे, तभी वह जमीन पर गिर गई। लाइसेंसी रिवाल्वर संभालने के दौरान गलती से गोली चल गई। चोट बाएं घुटने के नीचे लगी है, अब गोली निकाल दी गई है। उनकी बेटी टीना अस्पताल में मौजूद हैं। वह सभी से बात कर रहे हैं और ठीक हैं।”
पता चला है कि गोविंदा की पत्नी भी कोलकाता में थीं। इस हादसे की जानकारी के बाद वह मुम्बई के लिए रवाना हो गई हैं। क्रिटी केयर अस्पताल के डॉक्टर ने कहा कि गोविंदा का परिवार जल्द उनकी सेहत के बारे में बयान जारी करेगा।
वहीं इससे पहले गोविंदा ने अपना एक ऑडियो मैसेज जारी कर दिया है। इसमें उन्होंने कहा है कि लोगों के और माता-पिता के आशीर्वाद से और गुरु जी की कृपा से उनकी गोली निकाल दी गई है और तबीयत ठीक है। इसके लिए उन्होंने क्रिटी केयर अस्पताल के डॉक्टर का भी धन्यवाद जताया।
