ईओ-आरओ पेपर लीक केस: एसओजी की 7 जिलों में छापेमारी, 5 महिलाओं सहित 28 आरोपियों को पकड़ा, इनमें आधे से ज्यादा हैं सरकारी कर्मचारी
एनसीआई@नागौर
राजस्व अधिकारी (RO) और अधिशाषी अधिकारी (EO) भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक मामले में एसओजी की टीम ने आज शनिवार सुबह 7 जिलों में छापेमारी की। इस कार्रवाई में पेपर लीक मामले में 5 महिलाओं सहित 28 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इनमें नागौर, जोधपुर, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर, जयपुर और बीकानेर जिले शामिल थे।
इस बड़ी कार्रवाई में एसओजी की 28 टीमों ने पुलिस के सहयोग से 30 स्थानों पर दबिश देकर यह सफलता प्राप्त की। आरोपियों में आधे से ज्यादा सरकारी कर्मचारी हैं। इनमें से किसी ने डमी केंडिडेट के सहारे तो किसी ने फर्जी डिग्री देकर परीक्षा पास की थी। एसओजी ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
केंडिडेट्स के डॉक्युमेंट में मिली गड़बड़ियां
एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने बताया कि आरपीएससी की ओर से 14 मई 2023 को राजस्व अधिकारी और अधिशाषी अधिकारी भर्ती परीक्षा दो चरणों में आयोजित की गई थी। आरपीएससी की ओर से जब सलेक्ट हुए केंडिडेट के डॉक्युमेंट की जांच की गई तो उनमें कुछ गड़बड़ियां मिलीं। इस पर संदिग्ध अभ्यर्थियों को दोबारा सत्यापन के लिए बुलाया गया। दोबारा बुलाए गए अभ्यर्थियों की इस लिस्ट में एक ही गांव खजवाना (नागौर) के 6 केंडिडेट के नाम शामिल थे। जांच करने पर सामने आया कि इन केंडिडेट को सामान्य जानकारी भी नहीं थी। शक होने पर आरपीएससी ने एसओजी को जांच के लिए एक गोपनीय रिपोर्ट भेजी।
वीके सिंह ने बताया- इस पर एक जांच कमेटी का गठन किया गया। कमेटी की रिपोर्ट में सामने आया कि तुलछाराम कालेर और उसके अन्य साथियों ने इन दोनों परीक्षा से पहले पेपर लीक कर ब्लूटूथ से केंडिडेट को नकल करवाई थी। इसके बाद 15 नामजद और 8 अज्ञात केंडिडेट के साथ तुलछाराम कालेर सहित इसमें शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया- पेपर लीक और ब्लूटूथ से नकल के मामले में शामिल 12 केंडिडेट्स सहित 28 संदिग्धों के यहां छापेमारी कर इन्हें पकड़ा।
ब्लूटूथ गैंग में शामिल पौरव की पत्नी भी डिटेन
वीके सिंह ने बताया- इस दबिश में पौरव कालेर की पत्नी भावना गोस्वामी को भी हिरासत में लिया गया है। पौरव कालेर ब्लूटूथ गैंग के सरगना तुलछाराम का भतीजा है। भावना को एसओजी की टीम ने जोधपुर के बनाड़ इलाके से हिरासत में लिया है। डिटेन किए गए लोगों से पूछताछ में सामने आया कि भर्ती परीक्षाओं में इन्होंने गड़बड़ी की थी। इनमें आधे से ज्यादा सरकारी कर्मचारी हैं।
बीकानेर में एक साथ 9 ठिकानों पर दबिश
बीकानेर में शनिवार को एसओजी की टीमों ने एक साथ 9 स्थानों पर दबिश देकर 7 लोगों को डिटेन किया। टीम ने यहां नया शहर, जेएनवीसी, कोतवाली, मुक्ता प्रसाद नगर,जसरासर, कालू, खाजूवाला, नोखा और नापासर इलाकों में यह कार्रवाई की है।बीकानेर में एसओजी की टीम ने मुक्ता प्रसाद नगर थाने के बाहर 3 आरोपियों को कार में बैठाया तो वे मुंह छुपाने लगे। एसओजी के एडिशनल एसपी सुनील कुमार ने बताया- ईओ परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत के चलते जांच की जा रही है। डिटेन किए लोगों को लेकर टीम दोपहर एक बजे जयपुर के लिए रवाना हो गई।

खजवाना से 7 लोगों को किया डिटेन
इसी क्रम में एसओजी की एक अन्य टीम ने शनिवार सुबह 5 बजे नागौर के कुचेरा इलाके में छापेमारी की। टीम ने खजवाना गांव से 7 आरोपियों को डिटेन किया। एसओजी की टीम इन आरोपियों को लेकर कुचेरा (नागौर) थाने पहुंची। यहां सारी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद टीम सभी को 3 गाड़ियों में लेकर जयपुर के लिए रवाना हो गई। डिटेन किए गए आरोपियों में राम सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं।
कुचेरा थाना एसएचओ सुनील कुमार ने बताया- एसओजी की टीम ने कार्रवाई करने से कुछ ही देर पहले थाना पुलिस को इसके बारे में जानकारी दे दी थी। जानकारी के अनुसार खजवाना गांव निवासी 8 लोग काफी समय से एसओजी के रडार पर थे। पिछले 3 दिन से एसओजी टीम के सदस्य इनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।

ब्यावर में 3 आरोपियों को हिरासत में लिया
ब्यावर जिले में भी शनिवार सुबह 5 बजे एसओजी की टीम ने कार्रवाई की है। यह कार्रवाई मसूदा रोड पर की गई। इसके तहत कोर्ट में पोस्टेड 3 कर्मचारियों को टीम साथ ले गई। ब्यावर सीआई नाहर सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि ये तीनों आरोपी नागौर के खजवाना गांव के ही रहने वाले हैं।

