दीपावली के चलते बीजेपी नेता ने अपने होटल में शुरू कर दिया था केसिनो, एक लाख रुपए एंट्री फीस, विदेशी मॉडल्स दे रहीं थीं सर्विस, आठ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ का यह मामला है। भाजपा नेता के होटल में हाईफाई केसिनो चलता मिला। यहां सौ से ज्यादा टेबल लगाकर दिल्ली-मुम्बई से आईं विदेश मॉडल्स के साथ लाखों का वारा-न्यारा हो रहा था।
एनसीआई@मेरठ
शहर के नौचंदी थाना क्षेत्र में स्थित एक जाने माने होटल में हाईफाई कैसिनो चलता मिला है। भाजपा नेता के बताए गए इस होटल में सौ से ज्यादा टेबल लगाकर दिल्ली मुम्बई से आईं विदेश मॉडल्स के साथ लाखों का वारा-न्यारा किया जा रहा था।

आधी रात के बाद करीब एक बजे एसपी सिटी के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में 1.5 करोड़ कॉइन बरामद हुए। पुलिस ने होटल के मालिक बीजेपी नेता नवीन अरोड़ा, छह युवतियों सहित 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आठ को गिरफ्तार किया है। इनमें नवीन अरोड़ा सहित ज्यादातर रसूखदार लोग हैं। नवीन अरोड़ा बीजेपी महानगर का कोषाध्यक्ष रह चुका है। अदालत से इन्हें जमानत मिल गई।
एसएसपी ने सूचना पर की कार्रवाई
दरअसल, मेरठ एसएसपी डॉक्टर विपिन ताड़ा को किसी ने होटल हारमनी-इन में केसिनो चलने की सूचना दी थी। इस सूचना में बताया गया था कि इस होटल में दिल्ली और मुम्बई सहित कई राज्यों के लोग दांव लगाने आते हैं। सूचना देने वाले ने बताया कि होटल में ग्राहकों की एंट्री फीस एक लाख रुपए रखी गई है। इस पर एसएसपी ने एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया। इस टीम में सीओ ब्रह्मपुरी, सीओ कोतवाली और सीओ दौराला के साथ इन सर्किल के थानेदारों को भी शामिल किया गया।

जैसे ही पुलिस टीम हारमनी-इन होटल के फर्स्ट फ्लोर पर पहुंची तो वहां दिल्ली और मुम्बई की मॉडल्स केसिनो चलाती मिलीं। यहां अर्द्धनग्न अवस्था में मॉडल्स डांस करती हुई भी देखी गईं।
छापे की सूचना लीक होने का अंदेशा
बताया यह भी जा रहा है कि पुलिस के छापे की सूचना लीक कर दी गई थी। इससे होटल में अंधेरा कर दिया गया था। इस अंधेरे का फायदा उठाकर काफी लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए थे। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार लोगों की पहचान कर रही है। स्थानीय नौचंदी थाने की संदिग्ध भूमिका को देखते हुए उसे छापे से दूर रखा गया था।
पुलिस को मिला 200 से ज्यादा लोगों का डाटा
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस के पास इस होटल में केसिनो खेलने वाले 200 से ज्यादा लोगों का डाटा हाथ आया है। इन सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी। इतना ही नहीं, इनके नाम और पते सहित मोबाइल नम्बर मिल चुके हैं। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ली है। इन सीसीटीवी फुटेज को जांच के लिए फोरेंसिक टीम को दिया गया है, ताकि सारी जानकारी मिल सके।
दीपावली के चलते की गई थी शुरुआत

दीपावली नजदीक होने के कारण इस होटल में केसिनो के करीब 10 दिन से शुरू होने की बात सामने आई है। इस मामले में एसएसपी के पास गोपनीय इनपुट पहुंचा था। फिलहाल इस प्रकरण में लगातार शासन और बड़े अफसरों को अपडेट दिया जा रहा है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार होटल हारमनी-इन में भारी एंट्री फीस लेकर केसीनो खिलाया जा रहा था। इसी सूचना पर तीन सीओ की टीम बनाई गई थी और दबिश कराई गई थी। दबिश के दौरान होटल के अंदर केसिनो पकड़ा गया। इस मामले में गेम्बलिंग एक्ट सहित अन्य सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। होटल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए गए हैं। होटल की परमिशन सहित बाकी बिंदुओं पर जांच के लिए अन्य विभाग को पत्र लिखा गया है।
थाने में भाजपा नेता को वीआईपी सुविधा
भाजपा नेता नवीन अरोड़ा को थाना पुलिस ने अलग कमरे में बैठाया हुआ था। मीडिया ने उनका वीडियो बनाने का प्रयास किया तो थाना प्रभारी इलम सिंह ने तुरंत ही नवीन अरोड़ा को लॉकअप में बंद कर दिया। थाना प्रभारी ने तर्क दिया कि नवीन अरोड़ा बीमार हैं, इसलिए उन्हें बाहर रखा हुआ था।
