हिस्ट्रीशीटर और उसके दो साथियों ने बीजेपी पार्षद को मारी गोलियां, बाइक पर जा रहे थे घर, दुकान के सामने घात लगाए खड़े थे आरोपी
एनसीआई@भरतपुर
डीग में बाइक पर घर जा रहे बीजेपी पार्षद पर बुधवार अपराह्न तीन बजे करीब एक दुकान के बाहर घात लगाकर खड़े हुए तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में पार्षद के दोनों पैरों पर गोलियां लगी हैं। पार्षद जैसे ही बाइक लेकर दुकान के उधर से निकले बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। यह वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई है।

इनमें से एक बदमाश ने पार्षद की बाइक के पीछे भागते हुए फायरिंग की। इसके बाद तीनों बदमाश बाइक पर बैठकर फरार हो गए। हमले में घायल पार्षद को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पार्षद ने कहा- मुझसे रंजिश रखते हैं आरोपी
डीग के अउगेट निवासी पार्षद मुकेश ने इस वारदात के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया- मैं वार्ड 17 से पार्षद हूं। बुधवार को अपराह्न करीब 3 बजे मैं नगर पालिका से घर जा रहा था। मेरे घर से थोड़ी दूर पर एक दुकान है, वहां पर साहब सिंह उर्फ गुट्टन, जीतू और उनका एक साथी खड़े थे।
पार्षद ने बताया- जैसे ही मैं दुकान के पास से निकला तो इनमें से 2 लोगों ने मुझ पर फायरिंग कर दी। मेरे दोनों पैरों में दो गोलियां लगी हैं। पहली गोली साहब सिंह ने चलाई और उसके बाद जीतू ने गोली चलाई। उनके पास पिस्टल थी। पार्षद ने बताया- साहब सिंह ने 2 साल पहले मेरे परिजनों पर भी फायरिंग की थी, जिसमें 3 लोग घायल हुए थे। मैं पार्षद हूं, इसलिए वह मुझसे रंजिश रखते हैं।
आरोपियों की तलाश में लगी टीमें
डीग एएसपी अखिलेश शर्मा ने बताया- शहर के अउगेट इलाके में फायरिंग की घटना हुई है। डीग पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर जीतू के द्वारा पार्षद मुकेश पर फायरिंग की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
हमले में घायल पार्षद को डीग अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद भरतपुर रेफर कर दिया गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है, जिसमें 2 आरोपी फायरिंग करते नजर आ रहे हैं, जबकि एक आरोपी बाइक पर नजर आ रहा है। उनकी तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं।
जानें पूरे घटनाक्रम को
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पार्षद पर फायरिंग का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। सीसीटीवी फुटेज में पार्षद मुकेश बाइक से अपने घर की तरफ जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही वह एक दुकान के आगे पहुंचते हैं, तभी 2 बदमाश मुकेश पर फायरिंग करने लगते हैं।
काली शर्ट पहने एक बदमाश गोली चलाते हुए बाइक के पीछे भी भागता है। इतने में दो बदमाश बाइक पर बैठते हैं और बाइक को स्टार्ट कर वहीं खड़े हो जाते हैं। इसके बाद काली शर्ट वाला बदमाश भागते हुए अपने साथियों के पास पहुंचता है और तीनों बदमाश बाइक पर बैठकर भाग जाते हैं।
