मंदिर में महंत पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, कुत्तों के साथ आए साधु वेशधारी व्यक्ति ने किया हमला, कम्बल में छुपाकर लाया था हथियार
एनसीआई@पाली
रेलवे स्टेशन रोड स्थित नागा बाबा बगीची में
बने हुए गणेश मंदिर के पुजारी पर रविवार सुबह एक साधु वेशधारी व्यक्ति ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गम्भीर घायल कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उन्हें बचाने की कोशिश की, मगर कामयाब नहीं हुए। इस पर एक साधु ने आरोपी पर लकड़ी से वार किए। इस पर वह पुजारी को छोड़कर भाग छूटा, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे पकड़ लिया। बाद में पुलिस जांच में आरोपी बारां जिले का निवासी निकला। उसके खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

दूसरी ओर पुजारी को गम्भीर हालत में बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले की जानकारी मिलने पर आईजी प्रदीप मोहन शर्मा भी थाने पहुंचे। इस वारदात का वीडियो भी सामने आया है। आरोपी भवानी शंकर ने महंत सुरेश गिरी के गले, सीने, पेट व हाथ पर चाकू से वार किए।
पुलिस ने यह दी जानकारी
पुलिस ने बताया नागा बाबा बगीची में गणेश जी का मंदिर बना हुआ है। इस मंदिर में महंत सुरेश गिरी (60) रहते हैं। शनिवार रात साढ़े नौ बजे करीब एक साधु वेशधारी व्यक्ति भवानी शंकर (32) बगीची में आकर रुका था। उसके साथ दो कुत्ते भी थे।
रविवार सुबह छह बजे मंदिर में भवानी शंकर कुत्ते घुमा रहा था। महंत सुरेश गिरी ने उसे ऐसा करने से मना किया, साथ ही उसका परिचय पूछा। यह भी जानना चाहा कि वह किस आश्रम से आया है। इस पर भवानी शंकर गुस्सा हो गया। उसने जिस कम्बल को ओढ़ रखा था, उसे उतारा और अचानक महंत सुरेश गिरी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने कम्बल के अलावा कपड़े नहीं पहन रखे थे।

श्रद्धालुओं का प्रयास नहीं हुआ कामयाब
हमले के दौरान महंत सुरेश गिरी ने बचने की कोशिश की। वहीं, हंगामा होता देख आश्रम में मौजूद दूसरे संत और श्रद्धालुओं ने उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हुए। इस पर एक साधु ने भवानी शंकर पर लाठी से वार किए। इससे घबराकर वह महंत सुरेश गिरी को छोड़ मंदिर से फरार हो गया।
आरोपी के सामान की तलाशी के दौरान पुलिस को जोधपुर के मथुरादास हॉस्पिटल की एक पर्ची और कुछ अन्य सामान मिले। हॉस्पिटल की पर्ची पर भवानी शंकर नाम लिखा हुआ मिला।

अधिकारी पहुंचे, जानें हालत
इस वारदात की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, जिला कलेक्टर एलएन मंत्री, एसपी चूनाराम जाट आदि बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। यहां आम लोगों की भी भारी भीड़ लग गई। आईजी प्रदीप मोहन शर्मा भी कोतवाली थाने पहुंचे। बगीची के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।

महंत के पेट की आंतों में हुए 6 घाव, किया ऑपरेशन
बांगड़ हॉस्पिटल के पीएमओ डॉ. एचएम चौधरी ने बताया कि धारदार हथियार के हमले से महंत के पेट की आंतों में 6 घाव हो गए। उनका ऑपरेशन किया गया है। इस ऑपरेशन में 4 घंटे लगे।
डीएसपी ने यह बताया
डीएसपी सिटी देरावरसिंह सोढ़ा ने बताया- महंत सुरेश गिरी ने रविवार सुबह आरोपी को मंदिर परिसर में कुत्ते घुमाते हुए देखा। इसके बाद उससे उसका परिचय और आधार कार्ड के बारे में पूछा। फिर कहा कि आरती का समय है, भक्त आएंगे। कुत्तों को मंदिर परिसर से बाहर ले जाओ। इस बात पर भवानी शंकर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

छेड़छाड़ सहित दो मुकदमे पहले से दर्ज
औद्योगिक नगर थाना एसएचओ पाना चौधरी ने बताया कि आरोपी भवानी शंकर बारां के नाहरगढ़ इलाके का रहने वाला है। उसके खिलाफ 2 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें से एक छेड़छाड़ का और दूसरा मारपीट का है।
