चचेरी बहनों की आत्महत्या का मामला: कॉपी में लिखी मिलीं कुरान की आयतें और कलमा, सोशल मीडिया पर बदल लिया था नाम, आरोपी युवक ने दोनों का किया था ब्रेनवॉश
एनसीआई@उदयपुर
जिले के गोगुंदा में 10 दिन पहले हुई दो नाबालिग चचेरी बहनों की आत्महत्या के मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, इनके स्कूल बैग में मिली कॉपी में कुरान की आयतें और कलमा लिखे हुए मिले हैं। इस प्रकार माना गया है कि आरोपी शहवाज ने इन लड़कियों का ब्रेनवॉश कर इन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया था। दोनों चचेरी बहनें एक साथ 11वीं क्लास में पढ़ती थीं।
कॉपी में हिंदी और उर्दू के वाक्य भी लिखे हुए थे, जिससे पता लगा कि लड़कियां भी इन्हें सीख रहीं थीं। यहां तक कि सोशल मीडिया पर इन्होंने अपना नाम बदलकर मुस्कान और अनीसा रख लिया था।

मोबाइल और कॉपियां पुलिस के सुपुर्द
परिजनों ने दोनों लड़कियों के मोबाइल और उनकी कॉपी-किताब पुलिस के सुपुर्द की है। पुलिस अब इन तथ्यों के आधार पर लड़कियों को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों की जांच में जुटी है।
गोगुंदा एसएचओ शैतान सिंह नाथावत ने बताया-परिजनों ने जो जानकारी और तथ्य दिए हैं, उस आधार पर हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
उच्च स्तरीय जांच की दरकार
पीड़ित पक्ष के वकील कमलेश शर्मा ने बताया-सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) से पता चला है कि इन लड़कियों और आरोपी के बीच करीब 3 हजार बार बात हुई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लड़कियों का किस हद तक ब्रेनवॉश किया गया होगा। ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठने का यह सामान्य मामला नहीं है। मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
घर से 500 मीटर दूर मिला था शव
उल्लेखनीय है कि जसवंतगढ़ ग्राम पंचायत के गहलोतों का गुड़ा गांव में 10 नवम्बर की शाम को 16 और 17 साल की दो चचेरी बहनें घर से लापता हुई थीं। दूसरे दिन दोनों बहनों के शव घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में मिले थे। इनकी मौत जहर खाने से हुई थी। लड़कियों के गले में काले और सफेद रंग के धागे बंधे हुए थे, जिनके बारे में परिजनों को जानकारी नहीं थी। दोनों ने ड्रेस भी एक जैसे रंग की पहनी हुई थी।

आरोपी को उत्तर प्रदेश से पकड़ा
इस मामले में जांच के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के हाफिजपुर निवासी शहवाज (19) पुत्र तहसीन को गिरफ्तार किया था। पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश भेजी गई थी। हापुड़ से उसे गोगुंदा लाया गया।
लड़कियों पर बात करने का बनाता था दबाव
जानकारी के अनुसार, आरोपी शहवाज ने दोनों बहनों से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की थी। इसके बाद वह इनसे कभी खुद का मोबाइल खराब होने का कारण बता कर तो कभी किसी और बहाने से ऑनलाइन रुपए मंगवाता था। इस प्रकार वह इन लड़कियों से करीब 12 हजार रुपए ऐंठ चुका है। इतना ही नहीं, वह इनसे गोगुंदा आकर मिलने की बात भी कहता था। साथ ही इन बहनों पर बार-बार बात करने का दबाव बनाता था। इससे ये दोनों बहनें काफी परेशान हो गईं थीं।
