270 करोड़ रुपए से बदलेगी बूंदी की तस्वीर, विकास को लगेंगे नए पंख: बिरला
•बिरला की पहल पर नगरीय क्षेत्रों में होंगे विकास कार्य
•जिला कलेक्टर ने हुडको के अधिकारियों के साथ ली बैठक
एनसीआई@बूंदी
बूंदी के नागरिकों को नए वर्ष 2025 में विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। नगरीय क्षेत्रों में विकास के साथ आमजन के लिए सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर बूंदी सहित जिले के नगरीय निकायों में 270 करोड़ रुपए से चहुंमुखी विकास के कार्य किए जाएंगे। जल्दी ही इसकी विस्तृत कार्ययोजना बनाकर विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा।
गत दिनों लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जिला कलक्टर को नगर परिषद और नगर पालिकाओं को फंड की कमी से निपटने के लिए हुडको से ऋण लेने के निर्देश दिए थे, ताकि नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्य बाधित न हो। इसके तहत नगर परिषद क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपए और नगर पालिकाओं में विकास कार्यों के लिए 10-10 करोड़ रुपए के ऋण प्रस्ताव हुडको को भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं। इस राशि से शहरी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य होंगे और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
एक सप्ताह में भेजेंगे पीपीआर रिपोर्ट
जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने गुरुवार को नगर परिषद आयुक्त, नगर पालिकाओं के अधिशाषी अधिकारियों तथा हुडको के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में जिला कलेक्टर ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष की मंशानुरूप जिले के नगरीय क्षेत्रों में विकास की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। बूंदी नगर परिषद क्षेत्र में 200 करोड़ व 7 पालिकाओं में 10-10 करोड़ रुपए की पीपीआर रिपोर्ट तैयार कर अगले सात दिन में हुडको को भिजवा दी जाएगी। इसमें सौंदर्यीकरण, आमजन को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के कार्यों के अलावा ऐसे कार्य भी करवाए जाएंगे, जिनसे नगरीय निकायों में आय के स्त्रोत उपलब्ध हों।
बैठक में नगर परिषद आयुक्त संतलाल मक्कड सहित नगर पालिकाओं के अधिकारी एवं हुडको के प्रतिनिधि अनिल तिलावत भी मौजूद रहे।
जनभावना के अनुरूप होंगे विकास कार्य
बूंदी विकास में अग्रणी हो, देश-दुनिया में नई पहचान मिले, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बूंदी में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन, उद्योग, व्यापार, कृषि, पशुपालन सहित सभी क्षेत्रों में जनता की भावनाओं के अनुरूप विकास कार्य होंगे।
–ओम बिरला
लोक सभा अध्यक्ष
