प्लेसमेंट एवं संविदा कर्मचारियों ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हामिद खान मेवाती को मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन, राहत देने की मांग की
एनसीआई@बूंदी
राजस्थान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में लगे प्लेसमेंट एवं संविदा कर्मचारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा हामिद खान मेवाती को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर उनकी मांगें मान राहत देने की गुहार की है।

अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के बैनर तले प्रदेश महामंत्री अनीस अहमद एवं कर्मचारी महासंघ एकीकृत जिला अध्यक्ष वरुण शर्मा के नेतृत्व में संविदा निविदा एवं मानदेय कर्मचारी संघ एकीकृत जिला अध्यक्ष अमित गौतम ने संविदा व प्लेसमेंट कर्मचारियों की नियमितीकरण की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा हामिद खान मेवाती को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में यह कही है बात
संविदा कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष अमित गौतम ने ज्ञापन में बताया है कि राजस्थान सरकार विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं में संविदा व प्लेसमेंट से लगे कर्मचारी विगत कई वर्षों से विभागों में बहुत ही अल्प वेतन पर कार्य कर रहे हैं। इतने अल्प वेतन में इन कर्मचारियों के परिवार का पालन पोषण उचित तरीके से नहीं हो पा रहा है। राजस्थान सरकार द्वारा इन कर्मचारियों को नियमितीकरण का वादा किया था और जब तक नियमितीकरण नहीं होता है, तब तक इन संविदा एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों को संविदा सेवा नियम 2022 एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों को RMLCL सरकारी कम्पनी में अडॉप्ट करने की बजट मे घोषणा की थी।

कोरोना काल में किया निष्ठा से काम
ज्ञापन में कहा गया है कि, इन सभी संविदा एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों ने कोरोना काल में भी बिना अपनी जान की परवाह किए बगैर पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य किया है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष मेवाती ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इन संविदा कर्मचारियों को संविदा सेवा नियम 2022 में व प्लेसमेंट कर्मचारियों को राजस्थान सरकार की सरकारी कम्पनी में शामिल किया जाएगा। इस सम्बंध में मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। संविदा व प्लेसमेंट से लगे कर्मचारियों ने भी ज्ञापन देकर कृष्णा लेब में शामिल नहीं करने की बात कही, साथ ही उनकी सेवाओं को निरंतर रखा जाए।
वार्ता के लिए बुलाएंगे
पैरामेडिकल संघर्ष समिति के सदस्यों ने भी महासंघ के नेतृत्व में पैरामेडिकल की भर्ती बोनस व मेरिट आधार पर करने की मांग की। इस पर मेवाती ने आश्वासन दिया कि इन सभी मांगों से वह मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से अवगत कराएंगे। कर्मचारियों की समस्याओं का हल निकालने के लिए कर्मचारी महासंघ एकीकृत के प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से बात कर के वार्ता के लिए बुलाया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में ये रहे शामिल
ज्ञापन देने वालों में मदरसा शिक्षा अनुदेशक, शिक्षा सहयोगी संगठन, राज अल्प संख्यक अधिकारी कर्मचारी संघ, संविदा निविदा कर्मचारी संघ, राज नर्सेज यूनियन, पंचायत शिक्षक संघ, कम्प्यूटर अनुदेशक संघ तथा पीएचईडी तकनीकी कर्मचारी संघ के मनोज खटीक, प्रद्युम्न बागड़ी, नंदकिशोर शर्मा, राकेश शर्मा, देवेन्द्र शर्मा, संजय खान, जाहिद जीलानी, इकबाल खान, आसिफ खान, नावेद अंसारी, आरिफ खान, मुस्तकीम बेहली, संदीप प्रजापति, विकास गुर्जर, बलराम शर्मा, आशीष शर्मा, अयान खान, कुंदन सैनी आदि संविदा प्लेसमेंट कर्मचारी मौजूद रहे।
