सरस डेयरी समिति के सचिव की दिन दहाड़े हत्या, आरोपी ने ऑफिस में घुस कर दिया वारदात को अंजाम, मिर्च स्प्रे कर चाकू घोंपा
एनसीआई@अजमेर
सरस डेयरी समिति के सचिव किशन लाल की आज बुधवार को दिन दहाड़े उनके ऑफिस में हत्या कर दी गई। आरोपी युवक ने ऑफिस में घुसकर पहले उनके चेहरे पर मिर्च स्प्रे किया, फिर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने कुछ ही देर में उसे गिरफ्तार भी कर लिया। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
घायल सचिव को लोगों ने जेएलएन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाकर सबूत जुटाए गए। इस वारदात के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने यह दी जानकारी
रामगंज थाना प्रभारी रविंद्र खींची ने बताया- दौराई गांव के रहने वाले सरस डेयरी समिति के सचिव किशनलाल (42) पुत्र गबरू लाल अपने ऑफिस में बैठे हुए थे। सुबह 11 बजे के करीब दिलीप नामक युवक अचानक उनके ऑफिस में घुसा और उन पर मिर्च स्प्रे कर दिया। इसके बाद चाकू घोंप कर भाग गया। इससे गम्भीर घायल हो जाने पर भी किशन लाल आरोपी के पीछे कुर्सी लेकर दौड़े, मगर बाहर निकलते ही गिर पड़े।

थाना प्रभारी ने बताया-किशन लाल के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उनके परिजनों को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। आरोपी दिलीप ने किशन लाल पर चाकू से कम से कम दो वार किए थे। इनमें से एक बार सीधा सीने पर लगा था।
गांव का ही निवासी है आरोपी

थाना प्रभारी खींची ने बताया- सचिव किशन लाल के चचेरे भाई हंसराज चौधरी ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि उसके ताऊ के लड़के किशन लाल चौधरी की दौराई मेला ग्राउंड के पास सरस डेयरी की दुकान है। उनके ही गांव (दौराई) के ही रहने वाला दिलीप चौधरी ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
आरोपी पर दर्ज दहेज प्रताड़ना का केस
इस मामले में सीओ ओम प्रकाश शर्मा ने बताया-प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक दिलीप चौधरी मानसिक रूप से परेशान है। उसका पत्नी से भी विवाद चल रहा है। पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करवा रखा है। दिलीप अपने परिवार से भी अलग रहता है।
पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। प्रारम्भिक जांच से पता चला है कि दिलीप और किशनलाल के बीच पुरानी रंजिश थी। पिछले दिनों किशन लाल ने आरोपी दिलीप को गांव में आवारागर्दी करने पर टोका था। इस बात से दिलीप मन में रंजिश पाले बैठा था। इसी बात के चलते उसने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।
