बूंदी उद्योग एवं हस्तशिल्प मेले का हुआ शुभारम्भ, शिल्पग्राम को दिया गया ग्रामीण अंचल सा रूप
एनसीआई@बूंदी
बूंदी महोत्सव-2024 के तहत कुम्भा स्टेडियम में आज बुधवार से दस दिवसीय बूंदी उद्योग एवं हस्तशिल्प मेले का शुभारम्भ हुआ। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर नगर परिषद की सभापति सरोज अग्रवाल, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भैरू प्रकाश नागर, सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर, डीपीएम जगजीवन कौर व सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर सैनी सहित शहर के कई उद्यमी व गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान जिला कलेक्टर ने मेला परिसर में लगाई गई स्टालों का निरीक्षण भी किया।

जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक संजय भारद्वाज ने बताया कि मेले में राज्य के विभिन्न जिलों के हस्तशिल्पी, दस्तकार व लघु उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन कर रहे हैं। इसमें राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, बिहार व गुजरात के उद्यमी आ चुके हैं। मेले में करीब 160 स्टालें लगाई गई हैं। इनमें विभिन्न विभागों की स्टालें भी शामिल हैं। मेले में अमृता हाट बाजार भी लगाया गया है।
जिला कलेक्टर ने की ग्रामीण झलक की तारीफ
बूंदी महोत्सव के तहत कुम्भा स्टेडियम में आयोजित बूंदी उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला परिसर में सजाए गए शिल्पग्राम में ग्रामीण अंचल की झलक दिखने को मिल रही है। मेला परिसर में सजे शिल्पग्राम का भी बुधवार को जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने शुभारम्भ किया। जिला कलक्टर ने शिल्पग्राम में प्रदर्शित ग्रामीण अंचल की झलक की सराहना की।

संस्कृति संस्था की अध्यक्ष शालिनी विजय के निर्देशन में संस्था की महिला सदस्यों की ओर से तैयार किए गए शिल्पग्राम को महिलाओं ने पूरी तरह से ग्रामीण परिवेश में ढाला है।
शिल्पग्राम में मांडने, परिंडा, चूल्हा, चौकी, कुएं से पानी खींचते बैल, चॉक, भैरू जी व माता जी का थानक, लोक देवता, घास भैरू आदि से सजा कर ठेठ ग्रामीण अंचल सा रूप दिया गया है। शिल्पग्राम के संयोजक राजकुमार दाधीच ने बताया कि यहां के मंच पर 29 नवम्बर तक प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर ब्रह्मा कुमारीज की रजनी दीदी, अलका दीदी, गीता दीदी, सोनम दीदी, खुशराज, रोटरी क्लब अध्यक्ष महेश पाटौदी, मंजू जिंदल, राजेन्द्र भारद्वाज, मंजूषा याज्ञनिक, आलोक विजय, ओम जैन, विष्णु सिंह, रुकमणि जाजू, अंजू अजमेरा, सीमा गर्ग, वीना भाटिया, बॉबी भाटिया, गणपत चौधरी, सत्यवान शर्मा, अशोक शर्मा तलवास, पुरुषोत्तम पारीक, केसी वर्मा आदि मौजूद रहे।
