राजस्थान: वन मंत्री के घर के पास पहुंच गया लेपर्ड, लोगों में मचा हड़कम्प, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, एक महीने से घुसा हुआ था शहर में
राजस्थान के अलवर की घनी आबादी वाले क्षेत्र में करीब 3 घंटे के मूवमेंट के बाद लेपर्ड को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। लेपर्ड आरआर कॉलेज इलाके से निकलकर खदाना मोहल्ले में आ गया था। खास बात यह कि वन मंत्री के घर पास ही घूम रहा था।
एनसीआई@अलवर
राजस्थान के अलवर के घनी आबादी में करीब 3 घंटे मूवमेंट के बाद लेपर्ड को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे लेपर्ड आरआर कॉलेज इलाके से निकलकर खदाना मोहल्ले में आ गया था। बाद में यह वन मंत्री संजय शर्मा के आवास के पास भी घूमता दिखाई दिया। इस दौरान सामान्य दिनों की तरह लोग गलियों में खड़े होकर बातें कर रहे थे। इससे इनमें हड़कम्प मच गया। बाद में सरिस्का वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर लेपर्ड का रेस्क्यू किया। इस बीच मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

शहर के आरआर कॉलेज के केम्पस में पिछले 31 दिन से लेपर्ड के मूवमेंट के चलते लोगों में दहशत का माहौल था। मंगलवार सुबह शहर के बीच में बसे खदाना मोहल्ले में ही लेपर्ड आ पहुंचा, हालांकि अभी यह पता नहीं है कि यह कॉलेज परिसर के जंगल से यहां आया या यह दूसरा लेपर्ड है। मोहल्ले में लेपर्ड आने की सूचना के बाद मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाद में सामने आए एक वीडियो में लेपर्ड भीड़ के बीच से भागता हुआ भी दिखाई दे रहा है। इसकी सूचना वन विभाग व पुलिस को दी गई। सूचना पर सरिस्का बफर रेंज के रेंजर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के इलाके में सर्च किया। वहीं पुलिस लोगों को भीड़ जमा नहीं करने की समझाइश में लगी रही। इसके बाद मशक्कत कर उसे पकड़ लिया गया।
