लोकसभा अध्यक्ष बिरला को कायस्थ महाकुम्भ व युवक-युवती परिचय सम्मेलन का निमंत्रण पत्र सौंपा, मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, कायस्थ महासभा कोटा की ओर से होगा आयोजन
एनसीआई@कोटा
कायस्थ महासभा कोटा की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी स्वामी विवेकानंद जयंती (युवा दिवस) के अवसर पर 12 जनवरी 2025, रविवार को कायस्थ महाकुम्भ व नि:शुल्क युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यूआईटी ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए आज बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को निमंत्रण पत्र देकर मुख्य अतिथि के लिए आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर आयोजन के पोस्टर का विमोचन भी हुआ।
कायस्थ महासभा के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में आयोजित भव्य समारोह में ‘कायस्थ महाकुम्भ’ के पोस्टर का विमोचन समाज के प्रतिनिधियों ने किया। इस कार्यक्रम का आयोजन कायस्थ समाज कोटा की ओर से किया गया। इसमें समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
बिरला ने समाज को दिया हर सम्भव सहायता का आश्वासन
इस अवसर पर प्रारम्भ में कायस्थ समाज ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला का अभिनंदन किया। वहीं, बिरला ने उपस्थित चित्रांश बंधुओं को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। साथ ही समाज के उत्थान के लिए हर सम्भव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
स्वामी चक्रपाणि महाराज भी होंगे अतिथि
कायस्थ महाकुम्भ व युवक-युवती परिचय सम्मेलन के आयोजक एवं कायस्थ महासभा राजस्थान के अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एसआईएस ग्रुप के संस्थापक डॉ.आरके सिन्हा, हिन्दू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि जी महाराज सहित देश के विभिन्न राज्यों से कायस्थ प्रतिनिधि पधार रहे हैं।
सिने संध्या का भी होगा आयोजन
कार्यक्रम संयोजक नीरज कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क युवक-युवती परिचय सम्मेलन के साथ वरिष्ठ जन सम्मान समारोह व सिने संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
स्वामी विवेकानंद पर भी होंगे कार्यक्रम
महासभा के सम्भागीय अध्यक्ष नितिन भटनागर ने बताया कि युवा दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद जी से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
स्मारिका के लिए 1100 से अधिक बायोडाटा मिले
कोटा जिलाध्यक्ष विनोद सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रम की स्मारिका का प्रकाशन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश के कायस्थ युवक-युवतियों के बायोडाटा प्रकाशित किए जा रहे हैं। इसके लिए 1100 से अधिक बायोडाटा प्राप्त हो चुके हैं। बायोडाटा प्रकाशित करवाने की अंतिम तिथि 4 जनवरी है।
कार्यक्रम में ये भी रहे मौजूद
इस दौरान महेश श्रीवास्तव, कैप्टन ओपी माथुर, कमल कुलश्रेष्ठ, अशोक भटनागर, किशोर माथुर, पीके कुलश्रेष्ठ, चंद्रप्रकाश सक्सेना, गौरव सक्सेना, मयूर सक्सेना, शुभम सक्सेना, राजीव लोचन सक्सेना, ईश्वर सक्सेना आदि चित्रांश बंधु भी मौजूद रहे।
