जयपुर की एसआई हेमलता शर्मा ने जीता मिसेज इंडिया ग्लैम-2025 टाइटल, पहली बार रेम्प पर उतरकर हासिल की यह उपलब्धि
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर हेमलता शर्मा एक ब्यूटी पेजेंट में मिसेज इंडिया ग्लैम-2025 अवॉर्ड जीतकर चर्चा में आ गई हैं। जयपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। गुरुवार को दिल्ली हाईवे के एक रिजॉर्ट में मिस एंड मिसेज इंडिया सीजन-6 का आयोजन किया गया था। इसमें हेमलता शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह टाइटल जीता।

मिस एंड मिसेज इंडिया सीजन-6 के टाइटल के लिए वैशाली नगर थाने में पोस्टेड सब-इंस्पेक्टर हेमलता शर्मा भी रेम्प पर उतरीं। अधिकारियों ने कहा कि हेमलता की जीत सभी के लिए गर्व की बात है।
पहली बार उतरी थी रेम्प पर, ड्यूटी के दौरान आयोजकों से मिलीं थीं
हेमलता शर्मा ने बताया कि इवेंट से पहले इस पेजेंट के आयोजक उनसे मिले थे। हालांकि, उन्होंने इस कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने से मना कर दिया था, क्योंकि वो पहले कभी ऐसे इवेंट में शामिल नहीं हुईं थीं। तब उन्हें बताया गया कि इस इवेंट में मिस और मिसेज दो कैटेगिरी हैं और कॉन्सेप्ट एकदम साफ-सुथरा है।
सब इंस्पेक्टर ने बताया कि इस ऑफर के बाद उन्होंने अपने परिवार से बात की। जब सभी ने उन्हें इवेंट में शामिल होने के लिए सपोर्ट किया तो उन्होंने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी। इसके लिए उन्होंने एक्सपर्ट से भी मदद ली। रेम्प पर प्रेक्टिस के दौरान वे कुछ नर्वस हुईं थीं, लेकिन लगातार कोशिश के बाद उनमें काफी विश्वास आ गया था।

मंच पर पहनाया क्राउन, अधिकारी बोले- ये हमारे लिए गर्व की बात
मिसेज इंडिया ग्लैम-2025 के फाइनल में 15 पार्टिसिपेंट थे। हेमलता को फाइनल जीतने पर आयोजक पवन टांक, अनंता के चेयरमैन रविन्द्र प्रताप सिंह, एसकेजे ज्वेलर्स के डायरेक्टर संजय जोशी, मंदाकिनी साड़ीज के डायरेक्टर प्रशांत पोद्दार ने क्राउन पहनाया। राजस्थान पुलिस डिपार्टमेंट में हेमलता शर्मा की इस बड़ी उपलब्धि की खासी चर्चा है।
पुलिस अधिकारियों की ओर से उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाइयां दी जा रही हैं। इस मौके पर वैशाली नगर क्षेत्र के एसीपी आलोक कुमार गौतम ने कहा कि हमारी पूरी पुलिस फोर्स के लिए गर्व का पल है। हेमलता ने इस खिताब को जीतकर साबित किया है कि बेटियों को बस मौका मिलने की देरी है। वह अपने आप को किसी भी मंच पर साबित कर सकती हैं। मेरे सर्किल पुलिस थाने की होनहार हमारी बेटी का यह देशव्यापी सम्मान हमारे लिए गर्व की बात है ।
