April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा जिले से लापता नाबालिग लड़की इंदौर से बरामद, घर से बिना बताए निकल गई थी

कोटा जिले से लापता नाबालिग लड़की इंदौर से बरामद, घर से बिना बताए निकल गई थी

एनसीआई@कोटा

रामगंजमंडी के सुकेत थाना क्षेत्र से 26 फरवरी को लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से बरामद कर लिया। पुलिस आरोपी की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र से लड़कियों के गायब होने का मुद्दा भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के समक्ष उठाया था।

कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के ऑपरेशन हर्ष 2.0 अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सुकेत थाना पुलिस ने नयागांव से लापता हुई एक नाबालिग लड़की को इंदौर से बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया इस मामले में पीड़िता के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि वह झालावाड़ जिले का रहने वाला है और नयागांव में एक फेक्ट्री में मजदूरी करता है। उसकी नाबालिग बेटी शाम को बिना बताए घर से चली गई थी।

पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। एएसपी राम कल्याण के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में रामगंजमंडी के डीएसपी घनश्याम मीणा और थानाधिकारी सुकेत छोटूलाल शामिल थे।

इसमें पुलिस ने रिश्तेदारों व दोस्तों की गतिविधियों पर नजर रखी। इन प्रयासों के बाद 5 मार्च को टीम ने लड़की को मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित हाथोद गांव से बरामद कर लिया। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.