April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अब सरस ब्रांड का पेयजल व चाय पत्ती भी मिलेगी, अत्या​धुनिक सरस कैफे की भी होगी स्थापना, आइसक्रीम प्लांट व बटर मैन्युफेक्चरिंग यूनिट की भी योजना

अब सरस ब्रांड का पेयजल व चाय पत्ती भी मिलेगी, अत्या​धुनिक सरस कैफे की भी होगी स्थापना, आइसक्रीम प्लांट व बटर मैन्युफेक्चरिंग यूनिट  की भी योजना

कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की बोर्ड बैठक में कई नवीन परियोजनाओं की हुई घोषणा

एनसीआई@कोटा

कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की बोर्ड बैठक सरस सभागार में अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संघ की वर्तमान भौतिक एवं आर्थिक प्रगति की समीक्षा की गई तथा आगामी योजनाओं पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

संघ अध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि सरस डेयरी कोटा के विस्तार एवं प्रगति के लिए कई नवीन परियोजनाएं क्रियान्वित करने की योजना बनाई गई है। शीघ्र ही संघ परिसर में ड्रिंकिंग वाटर बॉटलिंग प्लांट तथा टी पैकेजिंग यूनिट की स्थापना की जाएगी। इससे कोटा शहरवासियों को उच्च गुणवत्ता का सरस ब्रांडेड पेयजल व चायपत्ती की सौगात मिलेगी। ड्रिंकिंग वाटर की सरस नम्बर 01 के नाम से ब्रांडिंग की जाएगी। इसकी बोटलें विभिन्न एमएल की होंगी। चायपत्ती भी 50,100 तथा 250 ग्राम की पैकेजिंग में मिलेगी।

यहां होगी सरस कैफे की स्थापना

इसके अतिरिक्त दुग्ध संघ द्वारा आइसक्रीम प्लांट, बटर मैन्युफेक्चरिंग यूनिट व सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना की योजना भी बनाई गई है। यह हाड़ोती का प्रथम सरस आइसक्रीम प्लांट होगा। बैठक में श्रीनाथपुरम स्टेडियम के समीप स्थित डेयरी परिसर में सरस कैफे की स्थापना का प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें सरस घी में बने शुद्ध एवं स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे। यह कैफे शहरवासियों को स्वास्थ्यवर्धक एवं स्वच्छ भोजन के साथ एक नए स्वाद का अनुभव देगा। सरस कैफे एक बीघा क्षेत्र में बनाया जाएगा। यहां पिकनिक व पार्टी की भी व्यवस्था रहेगी।

बॉयलर संचालन के लिए पीएनजी कनेक्शन पर भी विचार

बैठक में संघ परिसर में बॉयलर संचालन के लिए पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन पर भी विचार किया गया। एमडी दिलखुश मीणा ने बताया कि संघ परिसर में पीएनजी लाइन बिछाई जा चुकी है। शीघ्र ही इसका संचालन प्रारम्भ कर दिया जाएगा। इससे ऊर्जा लागत में कमी आएगी।

इस अवसर पर गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि भी की गई। संघ की आर्थिक व भौतिक प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर एसीडीएफ प्रतिनिधि सुधांशु गुर्जर, एमडी दिलखुश मीणा सहित संचालक मंडल के सभी सदस्य मौजूद रहे।

नई योजनाएं सरस डेयरी कोटा को नए मुकाम पर पहुंचाएंगी

संघ अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि ये योजनाएं सरस डेयरी कोटा को एक नए आयाम पर ले जाएंगी। उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद प्रदान करने के प्रति संघ की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करेंगी। बैठक में गौरी शंकर, धनराज सैनी, जोधराज मीणा, बनवारी लाल नागर, माया किराड़, हरनाथ मीणा, रामेश्वर, फोरंता बाई, शैतान गुर्जर भी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.