कोटा: हनी ट्रेप गैंग का सरगना व एक लड़की गिरफ्तार, व्यापारी को हनी ट्रेप में फंसाकर कराया था एक लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन
एनसीआई@कोटा
व्यापारी से फेसबुक पर दोस्ती कर हनी ट्रेप में फंसा सुनसान इलाके में बुला कर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवा लूटने वाली हनी ट्रेप गैंग के सरगना और महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामला अनंतपुरा थाना इलाके का है। आरोपी महिला ने फेसबुक के जरिए व्यापारी को चंगुल में फंसाया था। गिरफ्तार आरोपियों में सागर अग्रवाल व रहनुमां शामिल हैं।
कोटा शहर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि पीड़ित व्यापारी ने 3 मार्च को इस सम्बन्ध में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में उसे हनी ट्रेप में फंसा कर लूटपाट करने और जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराने का मामला दर्ज कराया था। घटना की गम्भीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी के निर्देशन में गैंग की पहचान कर तलाश शुरू की।
इसके लिए थाना अनंतपुरा कोटा शहर के नेतृत्व एक स्पेशल टीम का गठन किया। टीम ने फेसबुक एकाउंट व बैंक अकाउंट की जानकारी जुटाकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सरगना सागर अग्रवाल उर्फ नन्नू फरार हो गया था। टीम ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को दी रिपोर्ट में व्यापारी ने बताया था कि मोनिका सिंघानिया नाम की फेसबुक आईडी से एक लड़की ने मुझसे 5 दिन तक बात की। फिर 25 फरवरी को मुझे झालावाड़ रोड पर अनंतपुरा इलाके में कर्णेश्वर महादेव मंदिर बुलाया। वहां जाने पर बीच रास्ते में 4 लड़कों ने मुझे रोका और मेरी ही कार में मुझे किडनैप कर लिया। मुझे 3-4 घंटे सुनसान इलाके में रखा और डरा धमकाकर फोन पे एप से एक लाख रुपए ऑन लाइन ट्रांजेक्शन करा लिया।
शोएब ने बनाई फर्जी आईडी, सागर करता था चैट
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया, सरगना सागर अग्रवाल बॉम्बे योजना, उद्योग नगर में रहता है। उसने अपनी मुंहबोली बहन रहनुमां को झांसे में लिया और उसके साथ लिवइन रहने लगा। सागर की दोस्ती साजन वैष्णव और शोएब से हो गई थी। विज्ञान नगर निवासी अलीना भी इनकी दोस्त है।
सागर अग्रवाल व शोएब ने मिलकर रहनुमां और अलीना की मदद से शहर के व्यापारियों को हनी ट्रेप में फंसाने की साजिश रची। इसके तहत दोनों लड़कियां को फेसबुक चेटिंग कर व्यापारियों को फंसाना था। शोएब ने दोनों लड़कियों की फर्जी फेसबुक आईडी मोनिका सिंघानिया के नाम से बनाई।
इस अकाउंट को सागर हेंडल करता था। वह लड़की बनकर व्यापारियों से बात करता। व्यापारी वीडियो की मांग करते तो अलीना और रहनुमां से विडियो कॉल करवा देता। व्यापारी मिलने के लिए तैयार होता तो लड़की उसे सुनसान इलाके में बुलाती। वहां पहले से छुपे हुए गैंग के मेम्बर किडनैप कर लूटपाट करते थे।
पुलिस ने यह किया मामले का खुलासा
पुलिस ने वारदात में शामिल अलीना को एक इवेंट से पकड़ा। वहीं रहनुमां को भी पकड़ लिया गया है। पूछताछ में अलीना ने उद्योग नगर प्रकरण की घटना में शामिल होने की बात कबूल की तो उसे उद्योग नगर पुलिस को सौंप दिया गया। सागर व रहनुमां ने अनन्तपुरा इलाके में वारदात करना स्वीकार किया तो दोनों को बापर्दा गिरफ्तार किया।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया। जहां पीड़ित व्यापारी इनकी शिनाख्त करेगा। पूर्व में सागर अग्रवाल व रहनुमां ने मिलकर महावीर नगर व अनन्तपुरा में भी भी वारदातों को अंजाम दिया था। उन मामलों की भी जांच की जाएगी।
इस कार्रवाई के लिए बनाई गई विशेष टीम में भूपेन्द्र सिंह पुलिस निरीक्षक, सुरेन्द्र सिंह सहायक उप निरीक्षक, ओमप्रकाश हेड कॉन्स्टेबल, दिनेश कॉन्स्टेबल, पुष्पेन्द्र, फरसाराम व राजेन्द्र शामिल रहे।
