April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कोटा के सरकारी आवासीय विद्यालय का प्रिंसिपल गिरफ्तार, छठी कक्षा की छात्रा से मारपीट करने का वीडियो वायरल,‌ छात्राओं का आरोप- रात को भी हॉस्टल आते हैं और अभद्र भाषा बोलते हैं

कोटा के सरकारी आवासीय विद्यालय का प्रिंसिपल गिरफ्तार, छठी कक्षा की छात्रा से मारपीट करने का वीडियो वायरल,‌ छात्राओं का आरोप- रात को भी हॉस्टल आते हैं और अभद्र भाषा बोलते हैं

एनसीआई@कोटा

जिले के सांगोद क्षेत्र में स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय बालिका आवासीय स्कूल, हींगी के प्रिंसिपल सुरेश कुमार मीणा का छठी कक्षा की एक छात्रा से बुरी तरह मारपीट करने का वीडियो सामने आने से बवाल मच गया। प्रिंसिपल की हरकतों से परेशान छात्राओं ने ही शुक्रवार को यह वीडियो बनाया था। शिकायत के बाद प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर कोटा से भी प्रशासन की एक टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं से मामले की जानकारी ली।

छात्राओं का आरोप है‌ कि प्रिंसिपल मीणा उनसे मारपीट करते हैं। इसके अलावा उनके परिजनों के लिए अभद्र भाषा का उपयोग करते हैं। छात्राओं ने हॉस्टल में सही खाना नहीं मिलने और रात में प्रिंसिपल के हॉस्टल आने का भी आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर शनिवार को छात्राओं ने प्रदर्शन करते हुए प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रिंसिपल मीणा ने आरोप नकारा

प्रिंसिपल सुरेश कुमार मीणा ने छात्राओं से मारपीट के सवाल पर कहा- ऐसा नहीं है, यहां रहकर अच्छा हॉस्टल चलाने की कोशिश करता हूं। छात्राएं मेरे व्यवहार, कार्य से संतुष्ट होंगी, इसीलिए ऐसा बोल रही होंगी। मेरी कोशिश रहती है कि स्कूल और हॉस्टल अच्छे से चले। मैंने किसी भी छात्रा की पिटाई नहीं की, वे आपस में लड़-झगड़ जाती हैं तो उन्हें समझाने के लिए थोड़ा सख्त हो जाता हूं।

एसडीएम ने कहा-छात्राओं की समस्याओं का समाधान होगा

वहीं, इस मामले में एसडीएम सपना कुमारी ने बताया कि विभाग के अधिकारियों ने सांगोद थाने में छात्रा के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया है। इसके बाद पुलिस ने प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है। स्कूल की बच्चियों से बातचीत कर उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। जो भी इनकी समस्या है, उसे देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.