बिजनेसमैन से पैसे की मीडिएटरशिप करने दुबई से सीकर आया लॉरेंस गैंग का बदमाश गिरफ्तार, शारजाह पुलिस में था आरोपी
गैंगस्टर को दुबई में छुपाता, राजस्थान के बिजनेसमैन के नाम व मोबाइल नम्बर उपलब्ध करवाता था आरोपी
एनसीआई@जयपुर
राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने लॉरेंस विश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के शातिर बदमाश को सीकर से गिरफ्तार किया है। वह राजस्थान के बिजनेसमैन के नाम और मोबाइल नम्बर गैंगस्टर रोहित गोदारा को उपलब्ध करवाता था। दुबई में गैंग के मेम्बर्स को रुकवाने का काम भी करता था।
एडीजी (क्राइम) दिनेश एमएन ने बताया- आरोपी इलियास खान (30) पुत्र हाकम अली निवासी रामगढ़ (सीकर) को शुक्रवार सुबह गुरफ्तार किया गया है। इलियास साल 2014 से यूएई में रह रहा है। वह फिलहाल दुबई में रहता है। शारजाह पुलिस में स्टोर कीपर भी रह चुका है। पिछले काफी समय से हवाला का काम भी कर रहा था। इलियास दो शादी कर चुका है। पहली पत्नी के दहेज प्रताड़ना केस में वह जेल भी जा चुका है।

गैंगस्टर को दुबई में छुपने के ठिकाने उपलब्ध करवाए
इलियास शारजाह में मुसादात पुलिस स्टेशन (सेन्ट्रल जेल) में स्टोर कीपर लगा हुआ था। पुलिस कार्ड का यूज करके गैंगस्टर रोहित गोदारा की गैंग के कई मेम्बर्स को दुबई में रुकवाने का काम करता था। गैंगस्टर रोहित गोदारा, वीरेंद्र चारण और महेंद्र सारण को भी इलियास ने दुबई में छुपने के ठिकाने उपलब्ध करवाए थे।
दुबई में जी रहा था लग्जरी लाइफ
इलियास, लॉरेंस और रोहित गोदारा गैंग के मेम्बर्स को सूचना देने का काम करता था। उनके इमिग्रेशन में किसी गैंग मेम्बर का रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी हुआ है या नहीं, यह सूचना भी गैंग के मेम्बर्स को देता था। हवाला और गैंग से मिले पैसों से दुबई में लग्जरी लाइफ जी रहा था।
दुबई के रोला मॉल इलाके में इलियास का मुख्य ठिकाना था। हरियाणा और पंजाब के बदमाशों को भी इलियास ने रुकवाया था। AGTF के दुबई में आने की सम्भावना को देखते हुए इलियास ने ही गैंग के वीरेंद्र चारण को सूचना देकर दुबई से फरार करवा दिया था।
टोनी ने बताया था इलियास का नाम
इससे पहले AGTF दुबई में पकड़े गए गैंगस्टर रोहित गोदारा के गुर्गे आदित्य जैन उर्फ टोनी को 4 अप्रेल को जयपुर लेकर आई थी। टोनी से पूछताछ में इलियास का नाम सामने आया था। गैंगस्टर रोहित गोदारा को वह रंगदारी के लिए राजस्थान के व्यापारियों के नाम-मोबाइल नम्बर उपलब्ध करवाता था।
जयपुर के बिजनेसमैन सलीम खान की जयपुर और सीकर में इलियास ने ही रेकी की थी। सोशल मीडिया के माध्यम से सलीम के मोबाइल नम्बर वीरेंद्र चारण को दिए थे। कहा था- मोटी मुर्गी है, अच्छे पैसे देगा। इसकी मीडिएटरशिप भी खुद इंडिया आकर करने और हवाला से रुपए बताए अनुसार करवाने को कहा था। इसके भारत आने की सूचना पर ही AGTF टीम ने शुक्रवार सुबह सीकर में दबिश देकर इलियास को पकड़ लिया।
