कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा के एक आरोप ने राज्य कर्मचारियों को राजनीतिक दलों से जुड़ा हुआ बता दिया
राज्य सरकार पर आरोप लगाया-कांग्रेस से जुड़े कर्मचारियों को बॉर्डर इलाकों में भेजा
एनसीआई@जयपुर
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पाकिस्तान से तनाव और सीजफायर के मुद्दे पर बयान देते हुए सरकार पर गम्भीर आरोप लगा दिया। उन्होंने कहा- कांग्रेस पृष्ठभूमि के कर्मचारियों को बॉर्डर वाले इलाकों में भेजा जा रहा है।
डोटासरा ने कहा-महीनों से एपीओ चल रहे कर्मचारियों को अचानक बॉर्डर वाले जिलों में भेज दिया गया है। कांग्रेस पृष्ठभूमि के कर्मचारी बॉर्डर पर जाने से नहीं डरते हैं, लेकिन सरकार इसमें भी भेदभाव कर रही है। डोटासरा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए यह आरोप लगाया।
यहां गौरतलब है कि नियम-कायदों के अनुसार कोई भी राज्य कर्मचारी किसी राजनीतिक पार्टी का सदस्य नहीं बन सकता है। वह राजनीतिक गतिविधि में भाग नहीं ले सकता है। किसी राजनीतिक पार्टी का झंडा नहीं उठा सकता है। किसी राजनीतिक पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित नहीं कर सकता है। डोटासरा ने इस अवसर पर अन्य विषयों पर भी अपनी बात रखी।
