April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

पर्यटन विकास समिति की बैठक में हाड़ोती क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

पर्यटन विकास समिति की बैठक में हाड़ोती क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

एनसीआई@कोटा

जिला स्तरीय पर्यटन विकास समिति की बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में हाड़ोती क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा हुई। बैठक में पर्यटकों को आकर्षित करने की दृष्टि से हाड़ोती क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों के फिल्मांकन एवं डाक्यूमेंट्री तैयार करने पर चर्चा हुई। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के कोटा संभाग अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कोटा में प्रस्तावित ट्रेवल मार्ट के आयोजन में जिला प्रशासन से सहयोग की अपील की एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों को हाई लाइट करने के सम्बंध में सुझाव दिए।

बैठक में मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में पर्यटन सफारी के लिए नये सफारी रुट खोले जाने, बजट घोषणा में शामिल डाढ़देवी मंदिर के जीर्णोद्धार व मथुराधीश मंदिर में पर्यटन विकास के कार्यों को गति देने पर चर्चा की गई। इसमें बताया गया कि सिंचाई विभाग द्वारा संचालित चम्बल गेस्ट हाउस को पर्यटकों के ठहरने की दृष्टि से विकसित करने के लिए जल्द ही निविदा आमंत्रित की जाएगी और गेस्ट हाउस में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। बैठक में जग मंदिर एवं लक्खी बुर्ज में कैफेटेरिया खोलने के सम्बंध में कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा रंगपुर स्थित डाक बंगले को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर चर्चा हुई। अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को रंगपुर डाक बंगले की वस्तुस्थिति के बारे में एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। फिल्म प्रोड्यूसर सुभाष सोरल ने चम्बल रिवर फ्रंट पर फिल्म एवं डाक्यूमेंट्री शूटिंग के लिए कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा ली जा रही राशि कम करने का सुझाव दिया। रॉयल हाड़ोती ट्यूर कोटा के नीरज भटनागर ने रिवर फ्रंट विजिट के लिए विदेशी पर्यटकों से ली जाने वाली टिकट की राशि कम करने की मांग रखी। डीएफओ मुकुंदरा एस मुथु ने बताया कि गैपरनाथ को पर्यटकों के लिए शीघ्र ही खोला जाएगा।

बैठक में डीएफओ वन्यजीव अनुराग भटनागर, उप निदेशक पर्यटन विकास पंड्या, उप निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क एमएम शेख, सहायक निदेशक पर्यटन संदीप श्रीवास्तव, इंटेक कोटा के कन्विनर निखलेश सेट्टी, हाड़ोती टूरिज्म डेवलपमेंट सोसायटी के आरएस तोमर, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के महासचिव संदीप पाडिया, एक्जोटिक हॉलिडे ट्रेवल्स के सिद्धार्थ विजय, क्लब वेकेशन्स के गीतेश कंजोलिया, क्लब हॉलिडे के संदीप कोठारी आदि ने कोटा में पर्यटन को बढ़ावा देने के सम्बंध में सुझाव दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.