April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) शुरू: बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं को दिए गणना प्रपत्र, जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया अवलोकन

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) शुरू: बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं को दिए गणना प्रपत्र, जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया अवलोकन

एनसीआई@कोटा

जिले में मंगलवार से मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) प्रारम्भ हो गया। बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिए और इन प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।

जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया ने लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में जाकर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का अवलोकन किया। समारिया ने ताथेड़, नया नोहरा एवं बोरखेड़ा क्षेत्र में विशेष पुनरीक्षण कार्य में जुटे बीएलओ से जानकारी ली। उन्होंने आम मतदाताओं से भी मुलाकात की और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहयोग की अपील की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक गणना प्रपत्र भरे जाएंगे। बीएलओ प्रत्येक मौजूदा मतदाता को घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (ईएफ) वितरित करेंगे और भरा हुआ प्रपत्र वापस प्राप्त करेंगे। बीएलओ मतदाता को अपने नाम या अपने रिश्तेदार के नाम के साथ मिलान/लिंक करने में मदद करेंगे, जो वर्ष 2002 में आयोजित विगत एसआईआर (SIR) में थे। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

आवश्यक सूचनाएं बीएलओ को उपलब्ध कराएं 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि विगत एसआईआर की मतदाता सूची से मैपिंग के लिए आवश्यक सूचनाएं बीएलओ को उपलब्ध कराएं, गणना प्रपत्र की दोनों प्रतियों को भरें। भरे हुए गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा कराएं एवं एक प्रति रसीद के रूप में अपने पास रखें।उल्लेखनीय है कि एसआईआर के तहत गणना प्रपत्र काफी आसान बना दिया गया है। अब यह एक ही पृष्ठ का है और उसमें भी मतदाता से सम्बंधित सूचनाएं जैसे-नाम, ईपिक नम्बर, पता एवं वर्तमान मतदाता सूची के अनुसार भाग एवं क्रमांक संख्या पहले से ही भरी हुई आ रही है। साथ ही मतदाता की फोटो भी गणना प्रपत्र पर छपी हुई है। बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और उसे भरने में सहायता भी करेंगे।

प्रपत्र में मतदाता को जन्म तिथि, आधार संख्या (वैकल्पिक), पिता या अभिभावक का नाम व ईपिक नम्बर (वैकल्पिक), माता का नाम व ईपिक नम्बर (वैकल्पिक), मोबाइल नम्बर जैसी मूल जानकारियां भरनी होंगी। इसके साथ ही एक नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो चिपकानी होगी।

यह काम करेंगे बीएलओ

एसआईआर-2026 के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर आंशिक रूप से भरे गणना प्रपत्र (Enumeration Form) की दो प्रतियां मतदाताओं को देंगे। विगत एसआईआर की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की सूचनाएं लेकर मैपिंग में मतदाता की सहायता करेंगे। मतदाता द्वारा  भरे हुए गणना प्रपत्र को एकत्रित करेंगे, और उसे ECINET एप पर अपलोड करेंगे।

मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क शुरू

एसआईआर-2026 की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही जिले में मतदाताओं की सुविधा के लिए वॉलंटियर एवं हेल्प डेस्क की सुविधा शुरू की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित कर दी गई है। वृद्ध, बीमार, दिव्यांग आदि श्रेणी के मतदाताओं की गणना प्रपत्र भरने में सहायता के लिए वॉलिंटियर्स भी लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.