January 24, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान की बेटी ने रचा इतिहास, बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत को दिलाया गोल्ड मेडल

राजस्थान की बेटी ने रचा इतिहास, बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत को दिलाया गोल्ड मेडल

अरुंधति भारतीय सेना में हवलदार हैं। ऐसे में अरुंधति इस प्रतियोगिता में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (आर्मी) की ओर से शामिल हुईं।

एनसीआई@कोटा

ग्रेटर नोएडा में आयोजित बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में कोटा की बॉक्सर अरुंधति चौधरी ने उज़्बेकिस्तान की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस प्रकार बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में तिरंगा लहराकर अरुंधति ने एक बार फिर कोटा और देश का मान बढ़ाया है। यूथ वर्ल्ड चेम्पियनशिप में विश्व विजेता रह चुकीं अरुंधति अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को 7 स्वर्ण पदक दिला चुकी हैं।

अरुंधति के कोच अशोक गौतम ने बताया कि सीनियर वर्ग में अरुंधति का यह पहला अंतरराष्ट्रीय पदक है। उन्होंने बताया कि अरुंधति ने गम्भीर चोट से उबर कर यह उपलब्धि हासिल की है। हाथ की कलाई और पैर के लिगामेंट फ्रेक्चर होने के कारण वह डेढ़ वर्ष तक किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाई थी।

70 किलोग्राम भार वर्ग में लिया हिस्सा

मौजूदा समय में अरुंधति भारतीय सेना में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं। ऐसे में अरुंधति इस प्रतियोगिता में सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (आर्मी) की ओर से शामिल हुईं। अरुंधति ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया। भारत की तरफ से बॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2025 प्रतियोगिता में 22 सदस्यीय टीम ने हिस्सा लिया। इसमें 10 महिला और 12 पुरुष खिलाड़ी शामिल हुए।

कोटा में खुशी की लहर

कोच अशोक गौतम ने बताया कि अरुंधति का अब अगला लक्ष्य एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक जीतना है। इस जीत के बाद कोटा जिला मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष और अरुंधति के पिता सुरेश चौधरी, तथा उनकी माता सुनीता चौधरी ने खुशी जताई है। वहीं, अरुंधति के पूरे मोहल्ले में खुशी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.