पुलिस भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा में कम्प्यूटर था हेक, अपने आप हल हो रहे थे सवाल, ऑब्जर्वर को शक होने पर हुआ बड़ा खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख रुपए में हुई थी इस हाईटेक नकल की डील
एनसीआई@अलवर
अलवर की सदर थाना पुलिस ने एसएससी (SSC) के माध्यम से आयोजित दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में एक अभ्यर्थी को हाईटेक तरीके से नकल करते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस अभ्यर्थी ने परीक्षा पास करवाने के लिए 7 लाख रुपए में डील की थी। इसके लिए ऑनलाइन परीक्षा में जिस कम्प्यूटर से उसे पेपर सॉल्व करना था, उसे पहले ही हेक कर लिया गया था।
ऐसे में उसके कम्प्यूटर पर सवालों के उत्तर खुद क्लिक हो रहे थे। ऑब्जर्वर ने शक होने पर उसे पकड़ा और पुलिस के हवाले किया। पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया गया। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। अभ्यर्थी का एमआई टीआरसी कॉलेज में एग्जाम सेंटर आया था। परीक्षा ऑनलाइन हुई थी।
परीक्षा देने बहरोड़ से आया था अलवर
सीओ ग्रामीण शिवानी शर्मा ने बताया- पकड़ा गया अभ्यर्थी बहरोड़ क्षेत्र के बड़ोद गांव का रहने वाला सुरेन्द्र सैनी है। युवक 17 दिसम्बर को चिकानी स्थित एमआई टीआरसी कॉलेज में दिल्ली पुलिस में ड्राइवर पद की ऑनलाइन परीक्षा देने आया था।
परीक्षा कक्ष में ऑब्जर्वर को सुरेन्द्र सैनी के व्यवहार पर शक हुआ था। इस पर उससे पूछा गया कि कोई समस्या तो नहीं है, तब उसने मना कर दिया। तब ऑब्जर्वर ने उसे माउस से हाथ हटाने को कहा। तब सामने आया कि स्क्रीन पर माउस अपने आप चल रहा है और प्रश्न के जवाब खुद हल हो रहे हैं। इससे साफ हो गया कि एग्जाम सेंटर में यह कम्प्यूटर सिस्टम को हेक था और कोई बाहरी व्यक्ति प्रश्नों के उत्तर हल कर रहा था। इसके बाद अभ्यर्थी की सीट बदलकर उसे दूसरी जगह बैठाया गया।
परीक्षा में पास करवाने के लिए की थी लाखों की डील

सीओ ग्रामीण अलवर शिवानी शर्मा ने बताया-प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी सुरेन्द्र सैनी ने अपने ही गांव के एक युवक के साथ मिलकर नकल की योजना बनाई थी। दोनों के बीच करीब 7 लाख रुपए में परीक्षा को पास कराने की डील हुई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद पुलिस अभ्यर्थी को थाने ले गई, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इससे और भी कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
