बूंदी: थोक फल सब्जी मंडी में महिला का मंगल सूत्र तोड़ भागने लगा युवक, लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंपा
एनसीआई@बूंदी
लंका गेट स्थित थोक फल सब्जी मंडी में गुरुवार को एक महिला का मंगल सूत्र तोड़ कर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक संदिग्ध अवस्था में सब्जी मंडी में घूम रहा था। इस बीच उसने चबूतरे पर बैठी एक महिला के गले से मंगल सूत्र खींच लिया और वहां से भागने लगा। इस पर महिला चिल्लाई तो आसपास काम कर रहे मजदूर व अन्य लोग एक्शन में आए और आरोपी युवक को पकड़ लिया। साथ ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहां उससे पूछताछ की गई कि उसने पहले भी ऐसी कोई आपराधिक घटना को अंजाम दिया है या नहीं? युवक की जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ है, जिससे उसकी पहचान चेता गांव निवासी सुरेश कुमार बैरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने सम्बन्धित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
