राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार कर पार्टी करने की थी तैयारी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष और हिस्ट्रीशीटर सहित तीन गिरफ्तार
एनसीआई@उदयपुर
जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का गम्भीर मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार देर शाम कार्रवाई करते हुए मोर का शिकार कर उसे पकाकर खाने की तैयारी कर रहे तीन लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इसमें भी खास बात यह है कि इन आरोपियों में एक स्थानीय राजनीतिक पदाधिकारी भी शामिल है। इसके खेत पर ही यह पूरा घटनाक्रम हुआ।
पुलिस के अनुसार ऋषभदेव क्षेत्र के बीलख गांव में यह घटना हुई। रविवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के एक खेत पर मोर का शिकार करने के बाद पार्टी की तैयारी की जा रही है। इस पर ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक खेत में बने कमरे के पास मोर के मांस को पकाने की तैयारी चल रही थी।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष के खेत पर ही हुआ सबकुछ
ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि यह खेत कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रूपलाल का है। पुलिस ने मौके से रूपलाल, अर्जुन और राकेश को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी घटनास्थल पर मौजूद थे और मोर के मांस को पकाकर वहीं खाने की योजना बना रहे थे।
गम्भीर अपराध है यह
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल से आवश्यक सेम्पल इकट्ठा किए और जांच के बाद पुष्टि की कि मारा गया पक्षी राष्ट्रीय पक्षी मोर ही था। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मोर का शिकार एक गम्भीर अपराध है। इस पर सख्त सजा का प्रावधान है। गिरफ्तार तीनों आरोपी मिलकर पार्टी करने वाले थे। गिरफ्तार आरोपियों में से एक हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को इन्हें अदालत में पेश कर कोर्ट में पेश कर आगे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया।
